Publish Date: Thu, 29 Aug 2019 (23:01 IST)
Updated Date: Fri, 30 Aug 2019 (00:00 IST)
नई दिल्ली। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि दुनिया में केवल 8 ही देश ऐसे है जिनकी जनसंख्या भाजपा सदस्यों से ज्यादा है। उल्लेखनीय है कि दुनिया में इस समय कुल 195 देश है। इनमें से 193 देश संयुक्त राष्ट्र की सूची में शामिल है।
नड्डा ने कहा कि पहले हमारी 11 करोड़ की सदस्यता थी। इस बार सदस्यता अभियान से 5 करोड़ 81 लाख 34 हजार 242 लोगों की सदस्यता ऑनलाइन माध्यम से आई है। जो पिछली सदस्य संख्या का पचास प्रतिशत से ज्यादा है।
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि 62,35,967 लोगों की ऑफलाइन माध्यम से सदस्यता आई है। जहां सर्वर वीक था वहां हम डिजिटल रूप से डाटा कैप्चर नहीं कर पाए हैं। ये सारी संख्या हम जोड़ लें तो ये सारी संख्या 7 करोड़ के आसपास हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि हमारा सदस्यता अभियान तो समाप्त हो गया है, लेकिन हमारी मेम्बरशिप प्रक्रिया चलती रहेगी।
अब सितंबर में Active members बनाने का अभियान शुरू होगा।
नड्डा ने कहा कि बूथ का चुनाव हमारे यहां 10 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक चलेगा, नवंबर में जिला इकाइयों का चुनाव होगा और उसके बाद राज्य के चुनाव होंगे। संगठन का राष्ट्रीय स्तर का चुनाव दिसंबर में होगा।