Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

भ्रष्टाचारी हैं केजरीवाल, कॉलर पकड़कर जेल में डालूंगा : कपिल मिश्रा

हमें फॉलो करें भ्रष्टाचारी हैं केजरीवाल, कॉलर पकड़कर जेल में डालूंगा : कपिल मिश्रा
, रविवार, 14 मई 2017 (22:15 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली की आप सरकार से निकाले गए पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा रविवार को संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी पर भारी वित्तीय अनियमितताएं करने का आरोप लगाने के बाद बेहोश हो गए। मिश्रा ने केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर केजरीवाल ने इस्तीफा नहीं दिया तो वह मुख्यमंत्री का ‘कॉलर’ पकड़कर उन्हें तिहाड़ जेल ले जाएंगे।
 
इस बीच, कांग्रेस ने मिश्रा के आरोपों की गहन जांच कराने की मांग की है। वहीं, भाजपा ने केजरीवाल को ‘श्रीमान भ्रष्ट’ बताते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय माकन ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, आरोप गंभीर हैं। केजरीवाल को नैतिक और कानूनी आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।
 
भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने आप के इस दावे को हास्यापस्द बताया कि मिश्रा भगवा पार्टी के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, केजरीवाल को दिल्ली के बख्रास्त मंत्री द्वारा लगाए आरोपों से अवश्य ही पाक-साफ होना चाहिए। उन्होंने ट्वीट किया कि आम आदमी पार्टी अब ‘केजरीवाल आदमी पार्टी’ बन गई है।
 
इससे पहले, मिश्रा ने अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन में कहा, अब साफ हो गया है कि अरविंद केजरीवाल भ्रष्ट हैं। अपने पांच नेताओं की विदेश यात्राओं का ब्योरा देने से आप के इनकार करने के खिलाफ पांच दिन से अनशन पर बैठे मिश्रा कमजोरी के चलते बेहोश हो गए।
 
उन्होंने आप विधायकों शिव चरण गोयल और नरेश यादव का उल्लेख करते हुए कहा कि केजरीवाल के करीबी लोगों की फर्जी कंपनियों से आप को करोड़ों रपए का चंदा मिला। मिश्रा ने आरोप लगाया कि इन फर्जी कंपनियों के गुमनाम निदेशक थे जिन्होंने पार्टी को चंदा दिया और काले धन को सफेद किया।
 
मिश्रा ने कहा कि आप को मिले चंदे और चुनाव आयोग को इस बारे में दी गयी जानकारी में विसंगतियां थीं। हालांकि, आप ने मिश्रा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह भाजपा की भाषा बोल रहे हैं। वहीं, एक अन्य संवाददाता सम्मेलन में आप विधायक गोयल और यादव ने मिश्रा द्वारा गिनाई गई कंपनियों से संबंध होने से इनकार किया और कहा कि वे उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।
 
मिश्रा अपने आरोपों के समर्थन में मीडिया के सामने दस्तावेज पेश करने जा रहे थे तभी अचेत होकर गिर गए। मिश्रा को यहां आरएमएल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कहा कि उनकी स्थिति स्थिर है और वह होश में हैं। उन्हें थोड़ी कमजोरी है और शरीर में पानी की थोड़ी कमी हो गई है। आरएमएल के एक डॉक्टर ने कहा, उनके सभी अंग सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। 
 
इससे पहले कथित अनियमितताओं के एक मामले का जिक्र करते हुए आप सरकार के पूर्व मंत्री ने कहा कि आप को 2014-15 और 2015-16 के लिए बेंगलुरु की प्रिया बंसल नाम की महिला से 90 लाख रुपए का चंदा मिला था लेकिन उनकी आय पर देय कर केवल 4,000 रुपए था।
 
मिश्रा ने कहा, 2014-15 में आप के बैंक खाते में 65,52,40,752 रुपए (करीब 65.5 करोड़ रुपए) थे, लेकिन चुनाव आयोग को केवल 32,46,16,662 रुपए ( करीब 32.4 करोड़ रुपए) के बारे में सूचित किया गया वहीं पार्टी ने सार्वजनिक तौर पर केवल 27,38,71,611 रुपए (करीब 27.3 करोड़ रुपए) की जानकारी रखी और अपने कार्यकर्ताओं को बताया कि उसके पास कोई धन नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी ने 461 फर्जी एंट्री की।
 
मिश्रा ने दस्तावेज होने का दावा करते हुए कहा, यह सब अरविंद केजरीवाल के संज्ञान में हुआ। इन फर्जी कंपनियों ने जनवरी 2014 में एक ही दिन और एक ही समय पर आप के बैंक खाते में धन जमा कराया। मिश्रा के साथ संवाददाता सम्मेलन में नील हसलम नाम का युवक था जिसके बारे में दावा किया गया कि उसने चंदे के बारे में जानकारी सार्वजनिक करने में मदद की।
 
निलंबित आप नेता ने कहा, इसलिए मैं पांच आप नेताओं की विदेश यात्रा का ब्योरा मांग रहा हूं। वरिष्ठ आप नेता संजय सिंह ने कहा कि मिश्रा वही आरोप लगा रहे हैं जो भाजपा ने 2015 के विधानसभा चुनाव से पहले लगाए थे।
 
सिंह ने कहा, यह आप को खत्म करने की भाजपा की चाल है। उसे आप और अरविंद केजरीवाल पर सवाल खड़े करने बंद कर देने चाहिए क्योंकि हमने चंदा लेते समय पूरी तरह पारदर्शिता बरती। मिश्रा ने सात मई को दावा किया था कि उन्होंने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को केजरीवाल के घर पर उन्हें दो करोड़ रुपए नकद देते हुए देखा था। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

IPL 10 : निर्णायक जंग में पंजाब ढेर, पुणे प्लेऑफ में