Publish Date: Sat, 14 Jan 2017 (18:37 IST)
Updated Date: Sat, 14 Jan 2017 (18:42 IST)
पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की डायरी और कैलेंडर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर हटाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर लगाने पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि अब आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ) गैंग गांधीजी के विचारों की हत्या करने में जुट गया है।
यादव ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर शुक्रवार देर रात ट्वीट कर कहा- 'हे राम! प्रधानमंत्री की ओर से राष्ट्रपिता का घोर अपमान। आरएसएस गैंग ने गांधीजी की हत्या की और अब ये लोग उनके सिद्धांतों और विचारों की भी हत्या करने पर तुले हुए हैं।'
राजद प्रमुख ने एक अन्य ट्वीट में नरेन्द्र मोदी का नाम लिए बगैर उनके बारे में इशारों में लिखा- 'जिसके शासन में हजारों लोग मारे गए, जिसकी विचारधारा सत्य और अहिंसा के पुजारी बापू से ठीक पलट है, आज वह आदमी उनका (गांधीजी का) स्थान ले रहा है।' (वार्ता)