Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

उत्तर पश्चिम भारत में तूफानी बारिश का कहर, राजस्थान में लू का अलर्ट, जानिए कहां कैसा है मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम गर्म और उमसभरा रहेगा, लेकिन आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है

Advertiesment
हमें फॉलो करें Latest Weather News 22 May 2025

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , गुरुवार, 22 मई 2025 (09:27 IST)
Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी वर्षा की संभावना है। दूसरी ओर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बुधवार को अचानक मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। कल कई जगहों पर तेज आंधी बारिश ने तबाही मचाई और तापमान भी कम हो गया। इस बीच आईएमडी आज के लिए मौसम की जानकारी जारी की है। इसके अनुसार आज भी देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश देखने को मिलेगी। राजस्थान में लू का अलर्ट जारी किया गया है। लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना है।
 
दिल्ली-एनसीआर और यूपी में आज मौसम गर्म और उमसभरा : दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम गर्म और उमसभरा रहेगा, लेकिन आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। उत्तरप्रदेश में मौसम का मिजाज क्षेत्र के हिसाब से भिन्न रहेगा। पश्चिमी उत्तरप्रदेश में हल्की बारिश और तेज हवाएं कुछ राहत दे सकती हैं जबकि पूर्वी उत्तरप्रदेश में लू का प्रकोप रहेगा, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
 
देश के अन्य राज्यों का मौसम : राजस्थान में आज भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिमी राजस्थान में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां अधिकतम तापमान 42-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मध्यप्रदेश में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं होने की संभावना है। भोपाल में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रह सकता है। बिहार में मौसम विभाग ने आज बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तरी और पूर्वी बिहार में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में मूसलधार बारिश हो सकती है जिससे बाढ़ का खतरा बना हुआ है। दक्षिण भारत के राज्यों, विशेष रूप से कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। तटीय कर्नाटक और केरल में अत्यंत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई और कोंकण क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मुंबई में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
 
मानसून के केरल में प्रवेश की परिस्थितियां अनुकूल : मानसून के केरल में प्रवेश के लिए परिस्थितियां अगले 4 से 5 दिनों के भीतर अनुकूल होती जा रही हैं। अरब सागर के पूर्वी-मध्य हिस्से में, कर्नाटक तट के पास 21 मई तक एक चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 22 मई के आसपास एक निम्न दबाव क्षेत्र विकसित हो सकता है, जो उत्तर दिशा की ओर आगे बढ़ते हुए और अधिक मजबूत हो सकता है। पूर्वोत्तर राजस्थान और उससे सटे दक्षिण हरियाणा पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। मध्य पाकिस्तान और उससे सटे क्षेत्रों में भी एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
 
इस परिसंचरण से एक ट्रफ रेखा मध्य पाकिस्तान से होते हुए उत्तर बंगाल देश तक उत्तर राजस्थान, दक्षिण हरियाणा, दक्षिण उत्तरप्रदेश, बिहार और उपहिमालयी पश्चिम बंगाल से गुजर रही है, जो समुद्र तल से 1.5 किमी ऊंचाई पर स्थित है। एक चक्रवाती परिसंचरण मध्य असम पर और दूसरा उत्तर बंगालदेश पर बना हुआ है। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण आंध्रप्रदेश और उत्तर तमिलनाडु पर भी एक चक्रवाती परिसंचरण है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और इससे सटे क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 से 5.8 किमी की ऊंचाई के बीच एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
 
webdunia
पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में हुई मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटे के दौरान केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। मध्य महाराष्ट्र, कोंकण व गोवा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, झारखंड, दक्षिण ओडिशा तट, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में गरज-चमक व तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
 
लक्षद्वीप, रायलसीमा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगा पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों और दक्षिण-पूर्व राजस्थान में हल्की बारिश हुई। दक्षिण पश्चिम उत्तरप्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और मध्यप्रदेश के 1-2 स्थानों पर लू की स्थिति बनी रही।
 
आज गुरुवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज गुरुवार, 22 मई को तटीय कर्नाटक, कोंकण व गोवा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और उत्तर केरल में मध्यम से भारी बारिश व गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में अचानक बाढ़ और जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। मराठवाड़ा, रायलसीमा, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और पूर्वी बिहार में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
 
पूर्वोत्तर भारत, बिहार, उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्से, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, दक्षिण-पूर्व राजस्थान और दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ गतिविधियां संभव हैं। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी गुजरात, लक्षद्वीप और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश के साथ 1-2 स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। राजस्थान और दक्षिण हरियाणा के कुछ अलग-अलग हिस्सों में लू चलने की स्थिति बनी रह सकती है।(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

LIVE: करणी माता मंदिर में पीएम मोदी, जासूस ज्योति मल्होत्रा की आज कोर्ट में पेशी