Publish Date: Sat, 02 Jul 2022 (15:23 IST)
Updated Date: Sat, 02 Jul 2022 (15:29 IST)
मुंबई। शिवसेना विधायक राजन साल्वी ने महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिए महा विकास आघाड़ी (MVA) के उम्मीदवार के रूप में शनिवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इस पद के लिए चुनाव 3 जुलाई को होगा।
पहली बार विधायक बने भाजपा नेता राहुल नार्वेकर ने इस पद के लिए शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया था। नार्वेकर मुंबई के कोलाबा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि साल्वी रत्नागिरी जिले के राजापुर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं।
विधानसभा का 2 दिवसीय विशेष सत्र 3 और 4 जुलाई को होगा। अध्यक्ष पद के लिए रविवार को मतदान होगा। नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे चार जुलाई को सदन में विश्वास प्रस्ताव पेश करेंगे। शिंदे की कैबिनेट में भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस उपमुख्यमंत्री हैं।
शिवसेना, NCP और कांग्रेस एमवीए गठबंधन का हिस्सा हैं। शिंदे की बगावत के कारण इन तीनों दलों की सरकार बुधवार को गिर गई थी। इसके अगले ही दिन शिंदे ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी।
कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने कहा कि साल्वी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए विपक्ष के उम्मीदवार हैं। जब साल्वी ने नामांकन पत्र दाखिल किया, उस समय जयंत पाटिल, धनंजय मुंडे (राकांपा), अशोक चव्हाण (कांग्रेस) और सुनील प्रभु (शिवसेना) समेत कई नेता उनके साथ मौजूद थे। नामांकन शनिवार को दोपहर 12 बजे तक दाखिल किया जा सकता था।
कांग्रेस के नाना पटोले ने पार्टी की राज्य इकाई का अध्यक्ष बनने के लिए पिछले साल फरवरी में इस पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से यह पद रिक्त है।