Publish Date: Mon, 16 Jan 2017 (11:56 IST)
Updated Date: Mon, 16 Jan 2017 (12:29 IST)
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनावों को लेकर लागू चुनाव आचार संहिता के कारण मराठा क्रांति मोर्चा के तत्वावधान में शहर में आयोजित की जाने वाली मराठा समुदाय की मौन रैली को छह मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
आयोजनकर्ताओं की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि पहले यह निर्णय किया गया था कि 31 जनवरी को रैली आयोजित की जाएगी लेकिन मुंबई में रविवार को आयोजित बैठक में यह तय किया गया रैली का आयोजन अब छह मार्च को होगा।
समुदाय को ओबीसी वर्ग में शामिल किए जाने और कोपर्डी बलात्कार एवं हत्या मामले के आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग को लेकर राज्यभर में की गई मराठा समुदाय की मौन रैली के आखिरी चरण में मुंबई में रैली का आयोजन किया जाना है। (भाषा)