Publish Date: Thu, 25 Dec 2014 (09:55 IST)
Updated Date: Thu, 25 Dec 2014 (10:13 IST)
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर पीएम मोदी उस समय चर्चा में आ गए जब दूरदर्शन ने एक बड़ी गलती करते हुए अपने ट्वीट में मोदी के फोटो साथ सांता की खबर का कैप्शन लगा दिया।
डीडी न्यूज लाइव ने अपने टि्वटर अकाउंट पर मोदी की बैठक के साथ सांता क्लाज का कैप्शन लगा दिया। बस फिर क्या था सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई। दूरदर्शन ने इस मामले में एक कर्मचारी को निलंबित किया है।
दरअसल, फोटो में बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी सहयोगियों के साथ भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में भाग ले रहे थे। डीडी ट्वीट में कैप्शन था जिंगल ऑल द वे..!!! चीन के एक चिड़ियाघर में सांता क्लाउज की ड्रेस में एक व्यक्ति बंदरों को खाना खिलाते हुए।
बुधवार सुबह लगभग 9.44 पर पोस्ट हुए इस ट्वीट में हुई गलती पता चलने के थोड़ी देर बाद ही दूरदर्शन ने इसे हटा दिया।
मामले पर स्पष्टीकरण देते हुए दूरदर्शन ने कहा कि दोनों समाचार आसपास थे, इसलिए गलती से चीन के चिडियाघर वाला कैप्शन बैठक वाली फोटो में लग गया। समाचार चैनल अपने फालोअर्स से इसे गलत तरीके से प्रचारित न करने की अपील भी की।