Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

मोदी ने कहा- 18वीं लोकसभा नई ऊर्जा और युवा ऊर्जा का सदन

कहा- राजग ने दक्षिण भारत में नई राजनीति की नींव मजबूत की

हमें फॉलो करें मोदी ने कहा- 18वीं लोकसभा नई ऊर्जा और युवा ऊर्जा का सदन

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, शुक्रवार, 7 जून 2024 (19:57 IST)
Narendra Modi met President Draupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राजग संसदीय दल के नेता नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत किया तथा नई सरकार का शपथग्रहण समारोह रविवार की शाम को होगा। मोदी ने शुक्रवार शाम यहां राष्ट्रपति भवन में मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति मुर्मू ने उन्हें को मनोनयन पत्र सौंपा।
 
इससे पहले, भाजपा नीत राजग के नेताओं ने मुर्मू से मुलाकात की और मोदी के लिए समर्थन पत्र सौंपा। मोदी को राजग संसदीय दल का नेता चुना गया है। राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में मीडिया को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ने उन्हें प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत किया है। ALSO READ: NDA की बैठक में पैर छूने के लिए झुके नीतीश कुमार, मोदी ने पकड़ा हाथ
 
मंत्री पद की सूची सौंपेंगे मोदी : मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ने मुझे मनोनीत प्रधानमंत्री के रूप में काम करने के लिए कहा है और उन्होंने मुझे शपथ समारोह के लिए आमंत्रित किया है। मोदी ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति को बताया कि 9 जून का दिन शपथग्रहण के लिए उचित रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन शपथग्रहण समारोह का विवरण तैयार करेगा और तब तक वह मंत्रिपरिषद की सूची राष्ट्रपति को सौंप देंगे। ALSO READ: राष्ट्रपति से मिला NDA कुनबा, द्रौपदी मुर्मू ने दिया मोदी को सरकार बनाने का न्‍योता
 
मोदी ने कहा कि यह 18वीं लोकसभा उन सपनों को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जब देश 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष मनाएगा। उन्होंने कहा कि यह 18वीं लोकसभा नई ऊर्जा, युवा ऊर्जा का सदन है तथा लोगों ने राजग सरकार को एक और मौका दिया है। हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग ने 293 सीट पर जीत दर्ज की और 543 सदस्यीय सदन में बहुमत हासिल किया। ALSO READ: नरेंद्र मोदी बने जर्मन मीडिया की भड़ास का निशाना
 
दक्षिण भारत में नई राजनीति की नींव : इससे पहले मोदी ने राजग संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए ने लोकसभा चुनाव में अपने प्रदर्शन से दक्षिण भारत में नई राजनीति की नींव मजबूत की है। उन्होंने केरल में त्रिशूर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सुरेश गोपी की जीत की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार उनकी पार्टी का कोई प्रतिनिधि राज्य से संसद के निचले सदन में पहुंचा है।
 
मोदी ने तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव में राजग के चुनावी प्रदर्शन का उल्लेख किया और कहा कि हालांकि भाजपा समेत उसका गठबंधन राज्य में एक भी सीट नहीं जीत सका, लेकिन वहां उसके वोट प्रतिशत में वृद्धि ने भविष्य के लिए एक ‘स्पष्ट संदेश’ दिया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने हाल ही में कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी सरकार बनाई है। लेकिन लोगों का विश्वास तुरंत टूट गया। वे भ्रम से बाहर आए और दोनों राज्यों में राजग को गले लगा लिया।
 
तमिलनाडु टीम को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि वहां हमारा राजग परिवार बहुत बड़ा है। तमिलनाडु में राजग के कई सहयोगियों के पास अपना उम्मीदवार नहीं था। लेकिन इस झंडे को ऊंचा रखने के लिए वे पूरी तरह जुट गए। हालांकि हम तमिलनाडु में एक भी सीट नहीं जीत पाए, लेकिन जिस तेजी से हमारा वोट शेयर बढ़ा है उससे यह स्पष्ट संदेश गया है कि कल के लिए क्या लिखा हुआ है। तमिलनाडु में भाजपा और राजग के उसके सहयोगी दलों ने सभी 39 सीट पर चुनाव लड़ा था। भाजपा ने 23 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे थे।
 
राजग को तमिलनाडु में 18.28 प्रतिशत वोट : इस चुनाव में तमिलनाडु में राजग ने कुल मिलाकर 18.28 प्रतिशत वोट हासिल किए, जो 3.31 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। अकेले भाजपा के अपने वोट शेयर में 2019 में 3.6 प्रतिशत से बढ़कर इस बार 11.24 प्रतिशत की वृद्धि हुई। मोदी ने कहा केरल में हमारे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अपने जीवन का बलिदान दिया। अगर भारतीय राजनीतिक जीवन में एक विशेष विचारधारा के साथ रहने वाले लोगों के खिलाफ इस तरह के अत्याचार हुए हैं, तो मैं कह सकता हूं कि यह केरल में हुआ है। यह जम्मू कश्मीर में जो हुआ... उससे कहीं अधिक हुआ है।
 
उन्होंने आंध्र प्रदेश की कुल 25 लोकसभा सीट में से 21 पर राजग की जीत की सराहना की और कहा कि गठबंधन को इतना बड़ा जनादेश देश की प्रगति के लिए लोगों की इच्छा का प्रतिबिंब है। आंध्र प्रदेश में राजग के घटक तेलुगू देशम पार्टी ने 16 लोकसभा सीट जीतीं, जबकि भाजपा ने तीन और जन सेना पार्टी ने दो सीट पर जीत दर्ज की। (एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

HAPPY Card से करिए मुफ्त 1000 किलोमीटर की यात्रा