Publish Date: Sun, 19 Aug 2018 (15:44 IST)
Updated Date: Sun, 19 Aug 2018 (15:52 IST)
नई दिल्ली/ मुंबई। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) सीबीआई ने महाराष्ट्र में तर्कवादी नरेन्द्र दाभोलकर हत्या मामले में कथित मुख्य शूटर को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले के निवासी सचिन प्रकाशराव आंदुरे को पुणे में देर शाम गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि उसे सोमवार को पुणे की एक अदालत के सामने पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि माना जाता है कि आंदुरे भी उन शूटरों में था जिसने 20 अगस्त 2013 को दिनदहाड़े दाभोलकर पर गोलियां चलाई थीं। दाभोलकर पर उस वक्त गोलियां चलाई गई थीं, जब वे सुबह टहलने निकले थे।
इससे पहले सीबीआई ने अपने आरोप पत्र में सारंग अकोलकर और विनय पवार का नाम कथित शूटर के तौर पर उल्लेख किया था। दोनों फरार हैं। इस उल्लेख और एजेंसी के नए दावे कि आंदुरे भी शूटरों में एक था, के बारे में पूछे जाने पर प्रवक्ता ने कहा कि जांच अभी चल रही है। दाभोलकर अंधविश्वास के खिलाफ मुहिम चला रहे थे।