Publish Date: Mon, 02 Jul 2018 (21:55 IST)
Updated Date: Mon, 02 Jul 2018 (21:59 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'फिटनेस वीडियो' को लेकर सोमवार को कांग्रेस नेता शशि थरूर और सूचना एवं प्रसारण मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के बीच ट्विटर पर तीखी बहस देखने को मिली।
थरूर ने एक खबर का हवाला देते हुए वीडियो पर 35 लाख रुपए खर्च होने का दावा किया, तो राठौड़ ने कहा कि इस पर कोई पैसा खर्च नहीं हुआ है। कांग्रेस सांसद ने ट्वीट किया कि योग दिवस के मौके पर विज्ञापनों पर 20 करोड़ रुपए खर्च किया गए, प्रधानमंत्री के 'फिटनेस वीडियो' पर 35 लाख रुपए खर्च हुए। इस सरकार में उम्मीद की जगह हव्वा तैयार किया जाता है। उम्मीदों को इन्होंने बर्बाद कर दिया है।
इस पर राठौड़ ने कहा कि श्री थरूर, झूठ आपके लिए तथ्यों का विकल्प बन गया है। प्रधानमंत्री के वीडियो पर कोई पैसा खर्च नहीं किया गया। यह प्रधानमंत्री कार्यालय के वीडियोग्राफर द्वारा रिकॉर्ड किया गया। इस पर थरूर ने कहा कि यह सुनकर उन्हें खुशी हुई कि वीडियो पर पैसा खर्च नहीं किया गया, लेकिन इस सरकार ने उपलब्धि के नाम पर दिए गए विज्ञापनों के लिए करदाताओं के 20 करोड़ रुपए खर्च कर दिए गए। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Mon, 02 Jul 2018 (21:55 IST)
Updated Date: Mon, 02 Jul 2018 (21:59 IST)