Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

अंबेडकर की जन्मस्थली महू जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी

हमें फॉलो करें अंबेडकर की जन्मस्थली महू जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली , सोमवार, 21 मार्च 2016 (00:52 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर 14 अप्रैल को उनकी जन्मस्थली महू जाएंगे।
         
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आज यहां संपन्न दो दिन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने भविष्य के कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। पार्टी 14 से 24 अप्रैल तक 'ग्रामोदय से लेकर भारत उदय' के रूप में मनाएगी। चौदह अप्रैल को अंबेडकर की जयंती है जबकि 24 अप्रैल पंचायती राज दिवस के रूप में मनाया जाता है।
         
प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को मध्य प्रदेश के महू स्थित बाबा साहेब की जन्मस्थली जाएंगे। इस दौरान वहां विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। श्री मोदी 24 अप्रैल को झारखंड के जमशेदपुर में पंचायतों के प्रतिनिधियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
          
गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को यह जानकारी देते हुए बताया कि 14 से 16 अप्रैल के दौरान सामाजिक समरसता कार्यक्रम होगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता ग्राम पंचायत स्तर पर लोगों को बाबा साहेब के विचारों से अवगत कराएंगे और मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगे। साथ ही वे लोगों को बताएंगे कि बाबा साहेब के प्रति मोदी सरकार और पार्टी की क्या सोच है।
 
सिंह ने बताया कि 17 से 20 अप्रैल तक हर ग्राम पंचायत में किसान सभाएं आयोजित की जाएंगी। सरकार ने 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए किसानों से सुझाव लिए जाएंगे। साथ ही लोगों को बताया जाएगा कि सरकार ने गांव, गरीब, किसान और बेरोजगार के लिए क्या किया है।
        
उन्होंने कहा कि 21 से 24 अप्रैल तक कार्यकर्ता हर ग्राम सभा में बैठक आयोजित करेंगे। प्रभात फेरी, स्वच्छता अभियान और खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सरकार ने हर ग्राम पंचायत के लिए 80 लाख रुपए का प्रावधान किया है। लोगों के साथ चर्चा की जाएगी कि इस राशि का किस तरह गांव के विकास में उपयोग करना है।
     
सिंह ने बताया कि शनिवार की बैठक में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 'ग्राम उदय से भारत उदय' पर एक प्रस्ताव पेश किया, जिसका किसान मोर्चा के अध्यक्ष विजयपाल तोमर ने समर्थन किया। आज सुबह संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया जिसका राष्ट्रीय महासचिव सरोज पांडे ने समर्थन किया।
       
इसके अलावा संगठन मंत्री रामलाल ने संगठनात्मक कार्यों की जानकारी दी जबकि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और पीयूष गोयल ने अपने मंत्रालय के कामकाज के बारे में प्रस्तुति दी। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi