नई दिल्ली। जन-धन खातों में जमा नोटबंदी के 45 दिन में दोगुना होकर 87,000 करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने बताया कि इसके चलते कर विभाग ऐसी जमाओं के बारे में सूचना जुटा रहा है।
इसके अलावा कर विभाग के पास 4.86 लाख खातों में की गई छोटी 30,000 से 50,000 रुपए की जमा राशि के भी आंकड़े हैं। इन खातों में कुल जमा 2,000 करोड़ रुपए है। 10 नवंबर से 23 दिसंबर तक जन-धन खातों में कुल 41,523 करोड़ रुपए की राशि जमा की गई, वहीं 9 नवंबर तक इन खातों में 45,637 करोड़ रुपए जमा थे। इस तरह जन-धन खातों में कुल जमा 87,100 करोड़ रुपए पर पहुंच गई।
अधिकारी ने कहा कि जन-धन खातों पर मिली सभी सूचना की जांच की जा रही है। यदि यह पाया गया कि इन खातों में जमा किसी और व्यक्ति की है तो उचित समय पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि नोटबंदी के बाद पहले सप्ताह में जन-धन खातों में 20,224 करोड़ रुपए की राशि जमा हुई, हालांकि बाद में जमा में उल्लेखनीय गिरावट आई। (भाषा)