Publish Date: Wed, 31 Jul 2019 (13:34 IST)
Updated Date: Wed, 31 Jul 2019 (13:46 IST)
पाकिस्तान और हिन्दुस्तान के बीच 1947 में बंटवारा हो चुका है, लेकिन आज भी हिन्दुस्तान की एक जगह ऐसी है जहां 'पाकिस्तान वाली गली' है। इस नाम को लेकर वहां के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल, यूपी के ग्रेटर नोएडा के एक रहवासी एरिए का नाम 'पाकिस्तान वाली गली' है। यहां के निवासियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह किया है कि उनकी कॉलोनी का नाम बदला जाना चाहिए।
इन लोगों का कहना है कि भले ही हमारे पूर्वज पाकिस्तान से आए थे, लेकिन हम भारतीय हैं, जबकि अभी तक हमारे आधार कार्ड में पते के स्थान पर पाकिस्तान वाली गली लिखा जाता है।
पाकिस्तान वाली गली के निवासी भूपेश ने एएनआई को बताया कि हमें आधार दिखाने के बाद भी रोजगार नहीं मिलता। हम अपने बच्चों की शिक्षा पर काफी खर्च करते हैं, लेकिन उन्हें भी रोजगार नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हैं कि हमारी कॉलोनी का नाम बदला जाए और हमें रोजगार उपलब्ध करवाया जाए।
फोटो सौजन्य : टि्वटर