Publish Date: Fri, 20 Oct 2023 (22:16 IST)
Updated Date: Fri, 20 Oct 2023 (22:19 IST)
Shaktikanta Das on 2000 notes: भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने शुक्रवार को कहा कि 2000 रुपए के नोट वापस आ रहे हैं और अब केवल 10000 करोड़ रुपए मूल्य के नोट ही अब लोगों के पास हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि ये नोट भी वापस आ जाएंगे या जमा करा दिए जाएंगे।
दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान अलग से बातचीत में उन्होंने कहा कि 2000 रुपए के नोट वापस आ रहे हैं और अभी बाजार में केवल 10000 करोड़ रुपये के नोट बचे हैं। उम्मीद है कि ये नोट भी वापस आ जाएंगे। इससे पहले, दास ने कहा था चलन से वापस लिए गए 2000 रुपए के 87 प्रतिशत नोट बैंकों में जमा के रूप में वापस आए हैं। जबकि शेष को अन्य मूल्य के नोटों से बदला गया है।
आरबीआई ने इस महीने की शुरुआत में 2000 रुपए के नोट को वापस लेने के विशेष अभियान को 7 अक्टूबर तक बढ़ा दिया था। सात अक्टूबर के बाद बैंक शाखाओं में नोट जमा करने और बदलने की सुविधा समाप्त कर दी गई।
आठ अक्टूबर से, लोगों को रिजर्व बैंक के 19 कार्यालयों में नोट को बदलने या उपलब्ध कराई गई राशि के बराबर बैंक खातों में जमा करने की सुविधा दी गई।
व्यक्ति या संस्थाएं आरबीआई के 19 कार्यालयों में एक बार में 20000 रुपए की सीमा तक 2000 रुपए के बैंक नोट बदल सकते हैं। हालांकि, आरबीआई के कार्यालयों के जरिए बैंक खातों में 2000 रुपए के नोट जमा कराने के लिए राशि की कोई सीमा नहीं है।
आरबीआई ने इस साल 19 मई को 2000 रुपए के नोटों को चलन से वापस लेने की घोषणा की थी। (भाषा)