Publish Date: Sat, 19 Sep 2020 (13:06 IST)
Updated Date: Sat, 19 Sep 2020 (13:09 IST)
नई दिल्ली। सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार को डीजल के दाम देश के चार बड़े महानगरों में 20-21 पैसे प्रति लीटर तक घटाए, जबकि पेट्रोल की कीमत स्थिर रही।
इससे पहले गुरुवार और शुक्रवार को दोनों ईंधन के दाम कम हुए थे। पिछले तीन दिनों में डीजल करीब 80 पैसे सस्ता हो चुका है। तेल विपणन क्षेत्र की अग्रणी कंपनी इंडियन ऑइल के अनुसार आज दिल्ली में पेट्रोल 81.14 पर स्थिर रहा जबकि डीजल 20 पैसे सस्ता होकर 71.82 रुपए प्रति लीटर रह गया।
वाणिज्यिक नगरी मुंबई में पेट्रोल 87.82 रुपए प्रति लीटर पर टिका रहा और डीजल 21 पैसे कम होकर 78.27 रुपए प्रति लीटर रहा। कोलकाता में पेट्रोल 82.67 रुपए प्रति लीटर पर स्थिर रहा, जबकि डीजल 20 पैसे घटकर 75.32 रुपए प्रति लीटर रह गया।
इसी तरह चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 84.21 रुपए प्रति लीटर पर अपरिवर्तित रही जबकि डीजल घटकर 77.21 रुपए प्रति लीटर रह गया। शुक्रवार को पेट्रोल के दाम में 23 पैसे से 26 पैसे तक और डीजल के भाव 35 पैसे से 37 पैसे प्रति लीटर तक कम किए गए थे। गुरुवार को पेट्रोल 14-16 पैसे तक और डीजल 19-20 पैसे सस्ता हुआ था। (वार्ता)