Publish Date: Sat, 05 Dec 2020 (14:20 IST)
Updated Date: Sat, 05 Dec 2020 (19:03 IST)
नई दिल्ली। सरकार और किसान संगठनों के बीच पांचवे दौर की अहम बातचीत से पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित केंद्रीय मंत्रियों ने प्रदर्शनकारियों के समक्ष दिए जाने वाले संभावित प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
कृषि आंदोलन पर एक्शन में नजर आ रहे नरेंद्र मोदी के साथ करीब 2 घंटे तक चली इस बैठक के दौरान कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और रेल मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद थे।
मोदी का केंद्रीय मंत्रियों के साथ विचार-विमर्श किसानों के प्रदर्शन को खत्म कराने की केंद्र की कोशिश को दिखाता है और यह इसलिए भी अहम है कि प्रधानमंत्री स्वयं संकट को सुलझाने में सक्रिय हैं। पहली बार है जब मोदी ने अपने मंत्रियों से इस मुद्दे पर चर्चा की है।
इससे पहले प्रदर्शनकारी किसानों की मांगे को सुलझाने को लेकर राजनाथ सिंह और अमित शाह ने केंद्रीय मंत्रियों के साथ विचार विमर्श किया।
उल्लेखनीय है कि नए कृषि कानूनों को लेकर जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए गुरुवार को किसान संगठनों और सरकार के बीच हुई चौथे दौर की वार्ता बेनतीजा रही थी। किसान इस मुद्दे पर 8 दिसंबर को भारत बंद की भी तैयारी कर रहे हैं।