Publish Date: Mon, 30 Nov 2020 (15:43 IST)
Updated Date: Sat, 05 Dec 2020 (19:12 IST)
वाराणसी। देश में किसानों के आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कृषि कानून पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि नए कानून के बाद पुरानी व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं होगा। अर्थात न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल की खरीदी जारी रहेगी।
मोदी ने कहा कि किसानों को नए कानून से फसल बेचने के लिए आजादी मिली है। वे मंडी के बाहर भी अपनी फसल बेच सकते हैं। इससे पहले मंडी के बाहर लेनदेन को गैरकानूनी माना जाता था। हालांकि उन्होंने कहा कि वे पुराने तरीके से भी फसल बेच सकते हैं। पुरानी व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं होने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नया कानून किसानों के लिए फायदेमंद है। सरकार किसानों की आमदमी बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। फसल बीमा योजना से 4 करोड़ किसानों को फायदा हुआ है। काला चावल ऑस्ट्रेलिया निर्यात किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले एमएसपी के नाम पर किसानों के साथ छल होता था। नए कानून में किसानों को अतिरिक्त विकल्प मिले हैं। पहले किसानों के साथ खाद और बीज के नाम पर छल किया जाता था। नए कानून को लेकर जान बूझकर भ्रम फैलाया जा रहा है।