Publish Date: Sun, 25 Aug 2024 (14:31 IST)
Updated Date: Sun, 25 Aug 2024 (14:38 IST)
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि कोलकाता में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के कार्यालय में 2 ओर लोगों का पॉलीग्राफ टेस्ट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शनिवार को अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष समेत चार लोगों का पॉलीग्राफ टेस्ट किया गया था।
उन्होंने बताया कि दिल्ली की केंद्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) से पॉलीग्राफ विशेषज्ञों का एक दल जांच करने के लिए कोलकाता गया है।
पॉलीग्राफ टेस्ट के दौरान व्यक्ति द्वारा प्रश्नों के उत्तर दिए जाते समय एक मशीन की मदद से उसकी शारीरिक प्रतिक्रियाओं को मापा जाता है और यह पता लगाया जाता है कि वह सच बोल रहा है या झूठ।
कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नौ अगस्त को चिकित्सक का शव मिला था, जिस पर गंभीर चोटों के निशान थे। इस घटना के संबंध में कोलकाता पुलिस ने रॉय को अगले दिन गिरफ्तार किया था।
इस घटना के खिलाफ देश भर में व्यापक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। कलकत्ता हाईकोर्ट ने 13 अगस्त को इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी थी और इसके अगले दिन केंद्रीय एजेंसी ने जांच कोलकाता पुलिस से अपने हाथ में ले ली।
Edited by : Nrapendra Gupta