Publish Date: Thu, 13 Nov 2014 (14:05 IST)
Updated Date: Thu, 13 Nov 2014 (14:19 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर परोक्ष हमला करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि आज गुस्से वाले लोग देश चला रहे हैं। उन्होंने मोदी के हिन्दी प्रेम पर भी निशाना साधा।
पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती कार्यक्रम में मोदी पर बिना नाम लिए हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि एक तरफ देश में सफाई का दिखावा किया जाता है तो दूसरी ओर नफरत का जहर फैलाया जाता है। देश की नींव कमजोर की जा रही है। मोदी के हिन्दी प्रेम पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि अंग्रेजी नहीं होती तो लोग अमेरिका नहीं जा पाते। अंग्रेजी को हटा देते तो आईआईटी नहीं बनते, आईटी नहीं होती। कांग्रेस ने दुनिया से जुड़ने के लिए अंग्रेजी अपनाई।
पंडित नेहरू की जेल डायरी को उद्धृत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि नेहरू ने जेल में डालने के लिए अंग्रेजी को धन्यवाद दिया था। जेल में अकेले रहने से उन्हें गुस्से पर काबू पाने में सफलता मिली। राहुल कहा कि गुस्से को सिर्फ प्यार से ही निबटा जा सकता है। कांग्रेस ने गलतियां की हैं, लेकिन विचारधारा में कमी नहीं आई है।
भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने 60 साल तक देश में कूड़ा फैलाया। मोदीजी अब उसकी सफाई कर रहे हैं।