Publish Date: Wed, 29 Jan 2025 (18:50 IST)
Updated Date: Wed, 29 Jan 2025 (18:55 IST)
Rahul Gandhi News : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा प्रहार जारी रखते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री दलितों, अल्पसंख्यकों, पिछड़े वर्गों और आरक्षण के खिलाफ हैं। उन्होंने दिल्ली के बवाना में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केजरीवाल और उनके लोगों ने मिलकर दिल्ली में सबसे बड़ा शराब घोटाला किया। राहुल गांधी ने केजरीवाल को चुनौती दी कि वह यमुना का पानी पीकर दिखाएं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया, पूरा देश जानता है कि आपने (केजरीवाल) भ्रष्टाचार किया।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल झूठे वादे करते हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस झूठे वादे नहीं करती। हम जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं। राहुल गांधी ने यह आरोप भी लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी नफरत फैला रहे हैं।
उन्होंने कहा, जहां भी नफरत फैलाई जाएगी वहां राहुल गांधी खड़ा होगा और मोहब्बत की बात करेगा। कांग्रेस नेता का कहना था कि नरेंद्र मोदी के नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलनी है। उन्होंने कहा, पांच साल पहले केजरीवाल जी ने कहा था कि यमुना जी में स्नान करूंगा और पानी पीयूंगा। आज तक केजरीवाल जी ने यमुना का पानी नहीं पीया। आप लोगों को गंदा पानी पीना पड़ रहा है।
राहुल गांधी ने केजरीवाल को चुनौती दी कि वह यमुना का पानी पीकर दिखाएं। उन्होंने कहा, मैं जानता हूं कि केजरीवाल जी यमुना का पानी नहीं पीएंगे क्योंकि वह अस्पताल चले जाएंगे। राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार आने पर जाति जनगणना कराई जाएगी। उन्होंने कहा, केजरीवाल जी पूछना चाहता हूं कि आप आरक्षण को 50 प्रतिशत से ज्यादा करना चाहते हो या नहीं?
उन्होंने कहा, मैं जानता हूं कि मोदी जी और केजरीवाल जी दोनों आरक्षण, दलितों, अल्पसंख्यकों और पिछड़े (वर्गों) के खिलाफ हैं। राहुल गांधी ने दावा किया कि जब भाजपा के लोगों ने अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की तो केजरीवाल कहीं नजर नहीं आए। उन्होंने कहा, कांग्रेस और राहुल गांधी नरेंद्र मोदी से नहीं डरते हैं। नरेंद्र मोदी हमसे डरते हैं।(भाषा)
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें