Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

चुनाव से पहले राहुल गांधी का मिशन बिहार, 'पलायन रोको, नौकरी दो' पर पदयात्रा, क्या है White T-Shirt' वाली अपील के पीछे का मैसेज

रायबरेली के सांसद राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक मिनट का वीडियो मैसेज शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बिहार के युवाओं से सफेद टी-शर्ट पहनकर मार्च में शामिल होने का आग्रह किया है।

Advertiesment
हमें फॉलो करें Rahul Gandhi

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

पटना , रविवार, 6 अप्रैल 2025 (22:50 IST)
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सोमवार को बिहार आएंगे और बेगूसराय में एक पदयात्रा में हिस्सा लेंगे तथा पटना में दो कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी सुबह पटना पहुंचेंगे और ‘‘पलायन रोको, नौकरी दो’’ पर राज्यव्यापी पदयात्रा के लिए बेगूसराय जाएंगे। जनवरी के बाद से राहुल गांधी का बिहार का यह तीसरा दौरा है।राहुल गांधी के बेगूसराय दौरे पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कटाक्ष किया है।
ALSO READ: Congress : बूथ से विचाराधारा तक की चुनौतियों पर कांग्रेस का मंथन, क्या होंगे अहमदाबाद अधिवेशन के मुद्दे
राहुल गांधी ने क्या कहा वीडियो में 
रायबरेली के सांसद राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक मिनट का वीडियो मैसेज शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बिहार के युवाओं से सफेद टी-शर्ट पहनकर मार्च में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने वीडियो में कहा कि हमारा उद्देश्य बिहार के युवाओं की दुर्दशा की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित करना है, जो देख रहे हैं कि सरकारी नौकरियां दिन-प्रतिदिन कम होती जा रही हैं और निजीकरण से कोई लाभ नहीं हो रहा है। अपने अधिकारों के लिए सरकार पर दबाव बनाने और उसे (सत्ता से) हटाने के लिए आवाज उठाएं।’’
 
राज्य में विधानसभा चुनाव बस कुछ ही महीने दूर हैं, जहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वाम दलों वाले महागठबंधन का मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से है। सत्तारूढ़ राजग में जनता दल (यूनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शामिल हैं।
कन्हैया कुमार का गृह जिला
बेगूसराय कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार का गृह जिला है, जिन्होंने पिछले महीने पूर्वी चंपारण जिले से पदयात्रा शुरू की है। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कुमार ने 2019 का लोकसभा चुनाव भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के टिकट पर बेगूसराय सीट से लड़ा था।

क्या है राहुल गांधी का कार्यक्रम
राहुल गांधी सात अप्रैल को पटना हवाईअड्डा से सीधे ‘पलायन रोको नौकरी दो यात्रा’ में शामिल होने के लिए बेगूसराय निकलेंगे और वहां कन्हैया कुमार के साथ पदयात्रा में शामिल होने के बाद पटना संविधान सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित करेंगे। साथ ही पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से दिल्ली में हुए गहन मंथन और सांगठनिक मजबूती के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में चर्चा करेंगे। वे हर घर कांग्रेस का झंडा और पंचायतों में चौपाल लगाने के कार्यकम पर भी चर्चा करेंगे।
 
जेडीयू में मची उथलपुथल मनोरंजक
संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने कहा कि वक्फ विधेयक को समर्थन देने के बाद जद(यू) में मची उथल-पुथल ‘‘मनोरंजक है, लेकिन निश्चित रूप से आश्चर्यजनक नहीं है।’’ खान ने शनिवार को जद (यू) कार्यालय में हुए संवाददाता सम्मेलन का जिक्र किया, जहां पत्रकारों द्वारा सवाल पूछे जाने पर पार्टी के मुस्लिम नेता जाने लगे।
webdunia

गिरिराज सिंह का विवादित बयान- गोबर-बालू फांककर प्रायश्चित करें राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सोमवार को बेगूसराय दौरे पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कटाक्ष किया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को प्रायश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रायश्चित करने के लिए सिमरिया धाम चले जाएं। गोबर बालू खाकर गंगा में डुबकी लगाकर माफी मांगे और प्रायश्चित करें। उन्होंने ने कहा कि इनके पापा राजीव गांधी ने कहा था कि बेगूसराय में पेट्रोल केमिकल्स खुलेगा, नहीं खुला। नरेंद्र मोदी ने 25 हजार करोड़ लगा कर हल्दिया से तेल ला करके बिहार सरकार को भी हजारों करोड़ टैक्स देने का काम किया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल केमिकल्स भी खुलेगा, फर्टिलाइजर्स भी खुलेगा, बंद हुआ था वह भी खुला। नरेंद्र मोदी ने केवल बिहार का ही नहीं, पूरे देश का विकास किया है।

कांग्रेस को राजनीतिक मोक्ष मिलना तय 
बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 'जहां-जहां राहुल गांधी जाते हैं, वहां कांग्रेस की हार होती है। उन्होंने छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र और दिल्ली का उदाहरण देते हुए कहा कि इन सभी जगहों पर राहुल गांधी के प्रचार के बाद कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। जायसवाल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब राहुल गांधी बिहार आ रहे हैं, जिसका मतलब है कि कांग्रेस को 'राजनीतिक मोक्ष' मिलना तय है। उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस का राजनीतिक अंत अब निकट है।  इनपुट भाषा Edited by: Sudhir Sharma

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Congress : बूथ से विचाराधारा तक की चुनौतियों पर कांग्रेस का मंथन, क्या होंगे अहमदाबाद अधिवेशन के मुद्दे