Publish Date: Wed, 20 Dec 2017 (09:05 IST)
Updated Date: Wed, 20 Dec 2017 (09:17 IST)
मुंबई। शुक्रवार को रिलीज हो रही सलमान खान की फिल्म 'टाइगर जिंदा है' के खिलाफ राज ठाकरे ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मुंबई के सिनेमाघरों के मालिकों को धमकी दे दी है कि इसी दिन रिलीज हो रही मराठी फिल्म 'देवा' की स्क्रीनिंग नहीं की गई तो सलमान की फिल्म भी नहीं चलने दी जाएगी।
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने मुंबई के सिनेमाघर मालिकों को एक धमकी भरा पत्र भेजा है। राज ने इसमें कहा है कि अगर मराठी फिल्म 'देवा' को प्राइम टाइम में नहीं दिखाया गया तो सलमान खान की आने वाली फिल्म 'टाइगर जिंदा है' को किसी भी थिएटर में नहीं चलने देंगे।
उन्होंने यह भी दावा किया कि 'टाइगर जिंदा है' की वजह से 'देवा' को सिनेमाघरों में जगह नहीं मिल रही है। ऐसे में अगर महाराष्ट्र में ही मराठी फिल्मों को जगह नहीं दी जाएगी तो हम यहां पर कोई भी हिन्दी फिल्म चलने नहीं देंगे।
उल्लेखनीय है कि मराठी फिल्म 'देवा' इसी 22 दिसंबर को रिलीज हो रही है और इसी दिन सलमान खान और कटरीना कैफ स्टारर 'टाइगर जिंदा है' को भी रिलीज होना है।