Publish Date: Thu, 31 Aug 2017 (23:05 IST)
Updated Date: Thu, 31 Aug 2017 (23:14 IST)
नई दिल्ली। केंद्र सरकार में कौशल विकास मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने आज अचानक अपने पद से इस्तीफा देकर राजनीतिक हलके में तूफान मचा दिया है। रूडी ने गुरुवार को अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मोदी मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं और 6 मंत्रियों ने भी इस्तीफा देने की पेशकश की है।
रूडी ने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सौंपा है। समझा जाता है कि 2 सितम्बर को मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि उन्हें संगठन की जिम्मेदारी दी जा सकती है। यह भी पता चला है कि रूडी सेे इस्तीफा मांगा गया है।
2019 के आगामी लोकसभा चुनाव को मद्देनजर रूडी से इस्तीफा लिया गया है। वैसे रूडी का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा है। मीडिया खबरों के मुताबिक रुडी के अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी इस्तीफा दे दिया है।
मोदी मंत्रिमंडल के विस्तार के बारे में कहा जा रहा है कि नितिन गडकरी का कद बढ़ सकता है जबकि स्मृति ईरानी का भी अपने मंत्री पद को बचाए रखना कठिन है। मोदी मंत्रिमंडल से गिरिराज सिंह, कलराज मिश्र और संजीव बाल्यान, गिरिराज सिंह और निर्मला सीतारमण की छुट्टी हो सकती है।
जिनके भी इस्तीफे हो रहे हैं, उनके प्रदर्शन से मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह खुश नहीं थे। यह भी चर्चा है कि बिहार में भाजपा का जेडीयू से गठबंधन की वजह से नीतीश कुमार के पसंद के दो नेता बिहार कोटे से मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।
उमा भारती ने भी की इस्तीफे की पेशकश : इसी बीच यह भी खबर आ रही है कि उमा भारती ने भी खराब स्वास्थ्य के कारण ने भी इस्तीफे की पेशकश की है। उमा भारती का प्रदर्शन भी संतोषजनक नहीं रहा है।