Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

राहुल पर हमला, संसद में क्या बोले राजनाथ...

हमें फॉलो करें राहुल पर हमला, संसद में क्या बोले राजनाथ...
नई दिल्ली , मंगलवार, 8 अगस्त 2017 (11:40 IST)
नई दिल्ली। गुजरात दौरे के दौरान राहुल गांधी के वाहन पर पत्थर फेंककर हमला करने की घटना को लेकर लोकसभा में मंगलवार को कांग्रेस के भारी हंगामे के बीच गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष छह मौकों पर 72 दिन विदेश में रहे और इस दौरान उन्होंने एसपीजी सुरक्षा नहीं ली तथा कानून का उल्लंघन करके स्वयं की सुरक्षा को खतरे में डाला। उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि राहुल गांधी विदेश यात्रा के बारे में क्या छिपाना चाहते हैं?
 
लोकसभा में मंगलवार को कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खडगे ने आरोप लगाया कि गुजरात में बाढ़ पीड़ितों से मिलने गए राहुल गांधी पर जानलेवा हमला हुआ और अगर पत्थर कार की अगली सीट पर लगता तो उनकी जान जा सकती थी।
 
इस पर राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने 121 बार देश के विभिन्न स्थानों का दौरा किया और 100 बार एसपीजी कानून का उल्लंघन किया और बुलट प्रूफ कार नहीं ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष छह दौरे पर 72 दिन विदेश में रहे और इस दौरान एसपीजी सुरक्षा नहीं ली तथा कानून का उल्लंघन करके स्वयं की सुरक्षा को खतरे में डाला। उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि राहुल गांधी विदेश यात्रा के बारे में क्या छिपाना चाहते हैं।
 
उन्होंने कहा कि एसपीजी सुरक्षा संसद के कानून के तहत प्रदान की जाती है। लेकिन राहुल गांधी ने यह सुरक्षा नहीं लेकर कानून का उल्लंघन किया और स्वयं के प्रति भी लापरवाही बरती।
गृह मंत्री ने कहा कि मुझे लगता है कि राहुल गांधी आपदा राहत का जायजा लेने की बजाए वहां आपदा पर्यटन करने गए थे।
 
इस मसले पर कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के कारण एक बार के स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही 12 बजे फिर से शुरू होने पर कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि राजनाथ सिंह ने सदन को गुमराह करने वाला बयान दिया है। उनकी इस बात का संसदीय मामलों के मंत्री अनंत कुमार ने कड़ा विरोध किया और कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी देश को गुमराह कर रहे हैं।
 
अनंत कुमार ने कहा कि कांग्रेस बताए कि राहुल गांधी कहां कहां जा रहे हैं और वह एसपीजी सुरक्षा कवर क्यों नहीं ले रहे हैं ।एसपीजी सुरक्षा पर सरकार इतना खर्च करती है और सरकार उन्हें पूरी सुरक्षा दे रही है। इसके बावजूद वह एसपीजी सुरक्षा कवर क्यों नहीं ले रहे हैं? उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी विदेश यात्रा पर जाते हैं तो एसपीजी सुरक्षा कवर क्यों नहीं लेते।
 
कांग्रेस सदस्य इस मुद्दे को लेकर फिर से आसन के समक्ष आकर पोस्टर दिखाने लगे। तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय ने इसी बीच कहा कि राहुल गांधी पर हमला बेहद निंदनीय और गरिमा के खिलाफ है और साथ ही यह समाज में बढ़ती असहिष्णुता का भी परिचायक है। उन्होंने मांग की कि सदन को इस घटना की निंदा करनी चाहिए और उन्हें पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस पार्टी के सदस्य भी आसन के समक्ष नारेबाजी कर रहे कांग्रेस सदस्यों के साथ शामिल होकर नारेबाजी करने लगे।
 
अध्यक्ष ने इसके बाद शून्यकाल शुरू करवाया लेकिन हंगामे बढ़ता देख उन्होंने कुछ ही देर बाद सदन की बैठक दिनभर के लिए स्थगित कर दी। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

दो तरह के नोटों की छपाई पर संसद में बवाल