Publish Date: Tue, 06 Mar 2018 (09:56 IST)
Updated Date: Tue, 06 Mar 2018 (09:58 IST)
नई दिल्ली। त्रिपुरा में छिटपुट हिंसा की खबरों के बीच गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को राज्य के राज्यपाल और डीजीपी से बात की और नई सरकार के कामकाज संभालने तक राज्य में शांति सुनिश्चित करने को कहा।
शनिवार को चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद त्रिपुरा के विभिन्न हिस्सों में प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक समूहों के बीच छिटपुट हिंसा और संघर्ष की खबरें सामने आई थी। एक बुलडोजर की मदद से दक्षिण त्रिपुरा के बेलोनिया शहर में सोमवार को वामपंथ के अगुवा माने जाने वाले लेनिन की प्रतिमा को ढहा दिया गया था।
एक अधिकारी ने बताया कि टेलीफोन पर हुई बातचीत में राज्यपाल तथागत राय और डीजीपी एके शुक्ला ने त्रिपुरा की स्थिति और यहां विधानसभा चुनाव में भाजपा- आईपीएफटी गठबंधन की जीत के बाद भड़की हिंसा पर नियंत्रण के लिए उठाये गये कदमों से केन्द्रीय गृह मंत्री को अवगत कराया।
गृह मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि सिंह ने राज्यपाल और डीजीपी से हर तरह की हिंसा पर रोक लगाने और त्रिपुरा में नई सरकार के गठन तक शांति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में त्रिपुरा में 25 साल के बाद सत्ता परिवर्तन देखने को मिला है। अपने गठबंधन सहयोगी आईपीएफटी के साथ मिल कर भाजपा ने त्रिपुरा में दो तिहाई बहुमत हासिलकर वाम किला ध्वस्त कर दिया है। (भाषा)