Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

राज्यसभा चुनाव : मतदान के बीच यूपी में सियासी घमासान, सपा के मुख्य सचेतक का इस्तीफा

हमें फॉलो करें manoj panday

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, मंगलवार, 27 फ़रवरी 2024 (10:41 IST)
Rajya Sabha election 2024 : उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए हो रहे मतदान के बीच समाजवादी को पार्टी के मुख्य सचेतक मनोज पांडे ने इस्तीफा दे दिया। पांडे के इस्तीफे को सपा और अखिलेश यादव के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

पांडेय ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लिखे पत्र में कहा कि आपने मुझे उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी का मुख्य सचेतक नियुक्त किया है। मैं मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे रहा हूं, कृपया मेरा इस्तीफा स्वीकार करें।
 
मुख्‍य सचेतक पद से इस्तीफा देने के बाद ऊंचाहार से सपा विधायक मनोज पांडे वोट डालने भी पहुंचे। इसी बीच कहा जा रहा है कि अखिलेश यादव और सपा विधायक पल्लवी पटेल में भी बहस हुई है। पल्लवी पटेल अभी तक वोट डालने नहीं पहुंची है।

राज्यसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा ने 8 और समाजवादी पार्टी ने तीन उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। इनमें में 10 सीटों पर उम्मीदवारों की जीत तय है लेकिन 11वीं सीट के लिए भाजपा और सपा में कशमकश चल रही है।
 
भाजपा ने अपने आठवें उम्मीदवार के रूप में संजय सेठ को मैदान में उतारा है। स्थानीय उद्योगपति एवं पूर्व सपा नेता सेठ 2019 में भाजपा में शामिल हुए थे। इस सीट पर सपा को क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है। मीडिया खबरों के अनुसार, कम से कम 10 सपा विधायक भाजपा को वोट दे सकते हैं।
 
भाजपा के सात अन्य उम्मीदवार पूर्व केंद्रीय मंत्री आर.पी.एन. सिंह, पूर्व सांसद चौधरी तेजवीर सिंह, पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के महासचिव अमरपाल मौर्य, पूर्व राज्य मंत्री संगीता बलवंत (बिंद), पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, पूर्व विधायक साधना सिंह और आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन हैं।
 
सपा ने अभिनेत्री-सांसद जया बच्चन, सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी एवं उप्र के पूर्व मुख्‍य सचिव आलोक रंजन और दलित नेता रामजी लाल सुमन को मैदान में उतारा है।
 
403 सदस्यीय राज्य विधानसभा में भाजपा और सपा सबसे बड़े दल हैं। भाजपा के 252 और सपा के 108 विधायक हैं। सपा की गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के पास दो सीट हैं। भाजपा की सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के पास 13, निषाद पार्टी के पास छह, राष्ट्रीय लोकदल के पास 9, सुभासपा के पास 6, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के पास 2 और बसपा के पास एक सीट है। फिलहाल विधानसभा में 4 सीट खाली हैं।
 
एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के खातिर एक उम्मीदवार को लगभग 37 प्रथम-वरीयता मतों की आवश्यकता होगी। मतदान शाम 4 बजे तक होगा और मतगणना शाम 5 बजे से शुरू होगी और नतीजे आज रात को घोषित होने की संभावना है।
Edited by : Nrapendra Gupta 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

तेजस्वी यादव के काफिले की गाड़ी का एक्सीडेंट, ड्राइवर की मौत