Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मशहूर बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर का निधन

Advertiesment
हमें फॉलो करें Rishi Kapoor
, गुरुवार, 30 अप्रैल 2020 (09:40 IST)
मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का गुरुवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे 67 वर्ष के थे। 
 
ऋषि कपूर को बुधवार को स्वास्थ्य खराब होने के कारण एच एन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे अमेरिका में कैंसर का उपचार कराने के बाद पिछले साल सितंबर में भारत लौटे थे।

उनके भाई एवं अभिनेता रणधीर कपूर ने कहा कि वह नहीं रहे। उनका निधन हो गया है। कपूर लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। तबीयत बिगड़ने के बाद बुधवार को उन्हें एच. एन. रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

webdunia
अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर ऋषि के निधन की दुखद खबर। उन्होंने बताया कि कुछ ही देर पहले ऋषि का निधन हुआ। इसके साथ ही उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि मैं टूट चुका हूं।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर दुख जताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि वह हर पीढ़ी के लोगों के बीच लोकप्रिय थे और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।

गांधी ने ट्वीट किया, यह भारतीय सिनेमा के लिए दुखद सप्ताह रहा है। एक और बड़े अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया। वह एक शानदार अभिनेता थे जिनकी हर पीढ़ी के लोगों में लोकप्रियता थी। उनकी कमी बहुत महसूस की जाएगी।

परिवार ने ऋषि के निधन के बाद एक बयान जारी करते हुए कहा कि 2 साल तक ल्यूकेमिया से जंग लड़ने के बाद हमारे प्यारे ऋषि आज सुबह पौने नौ बजे इस दुनिया को अलविदा कह गए। डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मियों का कहना है कि उन्होंने आखिरी सांस तक जंग जारी रखी।

उन्होंने कहा, ‘दो महाद्वीपों में दो साल तक इलाज के दौरान वह जीने के लिए दृढ़ और लगातार खुश रहे। उनका ध्यान हमेशा परिवार, दोस्त, भोजन और फिल्मों पर केन्द्रित रहा और इस दौरान जो भी उनसे मिला वह हैरान रहा कि कैसे इस बीमारी को उन्होंने खुद पर हावी नहीं होने दिया।‘

अमेरिका में करीब एक साल तक कैंसर का इलाज कराने के बाद वह पिछले साल सितम्बर में भारत लौटे थे।

फरवरी में भी तबीयत खराब होने की वजह से उन्हें दो बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पहली बार दिल्ली में एक पारिवारिक समारोह में हिस्सा लेने गए ऋषि को संक्रमण के कारण वहां अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद मुम्बई लौटने के बाद उन्हें बुखार होने के बाद अस्पताल मे भर्ती कराया गया।

ऋषि ने अपने पिता राज कपूर की फिल्म ‘श्री 420’ से बतौर बाल कलाकर बड़े पर्दे पर अपनी फिल्मी पारी का आगाज किया था। इसके बाद वह फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ में भी नजर आए। बतौर मुख्य अभिनेता 1973 में आई ‘बॉबी’ उनकी पहली फिल्म थी, जो एक बड़ी हिट थी। इसके बाद करीब तीन दशक तक उन्होंने कई रोमांटिक फिल्में की।

‘लैला मजनू’, ‘रफू चक्कर’, ‘कर्ज’, ‘चांदनी’, ‘हिना’, ‘सागर’ जैसी कई फिल्मों में उनके अभिनय को सराहा गया।
अभिनेता के तौर पर अपनी दूसरी पारी को लेकर वह काफी संतुष्ट थे। इस दौरान वह अपनी पत्नी के साथ ‘दो दूनी चार’ में नजर आए। वहीं ‘अग्निपथ’, ‘कपूर एंडा सन्स’, ‘102 नॉट आउट’ में अभिनय से उन्होंने एक बार फिर दिखा दिया कि बतौर कलाकार अभी वह सिनेमा जगत को और कितना योगदान दे सकते हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

क्या सिगरेट बचा सकती है कोरोना वायरस से?