Publish Date: Fri, 27 Sep 2024 (19:36 IST)
Updated Date: Fri, 27 Sep 2024 (19:41 IST)
Controversial statement of Ruta Awhad : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता जितेंद्र आव्हाड की पत्नी ऋता आव्हाड की उस विवादित टिप्पणी की आलोचना हो रही है जिसमें उन्होंने आतंकवादी ओसामा बिन लादेन और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के बीच समानता बताई। उन्होंने कहा, ओसामा बिन लादेन की जीवनी अवश्य पढ़नी चाहिए। वह आतंकवादी क्यों बना? यह समाज ही था जिसने उसे ऐसा बनने पर मजबूर किया।
ऋता ने बृहस्पतिवार को ठाणे में बच्चों को संबोधित करते हुए यह विवादास्पद टिप्पणी की और बच्चों को सलाह दी कि वे लादेन की जीवनी पढ़ें ताकि वे समझ सकें कि वह आतंकवादी कैसे बना। उन्होंने कार्यक्रम में कहा, आपको ओसामा बिन लादेन की जीवनी अवश्य पढ़नी चाहिए। एपीजे अब्दुल कलाम का राष्ट्रपति बनना, ओसामा बिन लादेन के आतंकवादी बनने के समान ही है। लेकिन वह आतंकवादी क्यों बना? यह समाज ही था जिसने उसे ऐसा बनने पर मजबूर किया।
अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के पूर्व सांसद आनंद परांजपे ने शुक्रवार को लादेन और उसके आतंकवादी संगठन अलकायदा का 'महिमामंडन' करने के लिए ऋता आव्हाड के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ऋता आव्हाड की टिप्पणी का जिक्र करते हुए भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, इंडिया गठबंधन के सभी दलों का आतंकवादियों के प्रति नरम रुख है।
ऋता आव्हाड ने शुक्रवार को कहा कि उनकी टिप्पणी का गलत मतलब निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा, मेरी टिप्पणी को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। क्या हमें इसलिए बोलना चाहिए क्योंकि हमें कुछ बताना है या इसलिए क्योंकि वहां किसी टीवी चैनल का व्यक्ति बैठा है।
ऋता ने कहा कि वह छात्रों को यह बताना चाहती थीं कि ओसामा जन्म से आतंकवादी नहीं था। उन्होंने कहा, बेशक, वह बुरा था, लेकिन वह बुरा क्यों बन गया? यह समझने के लिए आपको उसकी जीवनी पढ़नी होगी। (भाषा) फोटो सौजन्य : सोशल मीडिया
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें