Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

शरजील इमाम पर लगा देशद्रोह का आरोप, CAA विरोध प्रदर्शन में भड़काए दंगे

हमें फॉलो करें शरजील इमाम पर लगा देशद्रोह का आरोप, CAA विरोध प्रदर्शन में भड़काए दंगे
, रविवार, 26 जुलाई 2020 (00:07 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र शरजील इमाम को यहां की एक अदालत में देशद्रोह के मामले में आरोपित किया है। उस पर लोगों को ऐसी गतिविधियों में शामिल करने के लिए भड़काने का आरोप है जो देश की संप्रभुता एवं एकता के खिलाफ हैं। पुलिस ने इस वर्ष की शुरुआत में सीएए विरोधी दंगों से जुड़े एक मामले में अदालत में पेश आरोप पत्र में ये आरोप लगाए हैं।

एजेंसी ने अंतिम रिपोर्ट दायर की जिसमें भादंसं की विभिन्न धाराएं शामिल हैं जैसे 124-ए (देशद्रोह), 153(ए) (शत्रुता को बढ़ावा देना), 153-ए (शत्रुता को बढ़ावा देना, समुदायों के बीच घृणा फैलाना), 153-बी (राष्ट्रीय एकता के खिलाफ वक्तव्य) और 505 (अफवाह फैलाना)। उस पर अवैध गतिविधियां (निवारण) कानून के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

आरोप पत्र में कहा गया है, उस पर देश के खिलाफ भाषण देने और एक विशेष समुदाय को अवैध गतिविधियों में शामिल होने के लिए भड़काने का आरोप है जो राष्ट्र की संप्रभुता और एकता के खिलाफ हैं।इसमें कहा गया है, संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध की आड़ में उसने एक विशेष समुदाय के लोगों को राजमार्ग बाधित करने के लिए उकसाया और चक्का जाम कराया जिससे सामान्य जनजीवन बाधित हुआ।

इसमें आरोप लगाया गया है कि इमाम ने खुलेआम संविधान का उल्लंघन किया और इसे फासीवादी दस्तावेज बताया। इसमें बताया गया है, सीएए के विरोध के नाम पर उसने खुलेआम दुष्प्रचार किया कि ‘चिकेन नेक’ को जाम किया जाए जो पूर्वोत्तर को शेष भारत से जोड़ता है। उसने प्रदर्शन के लोकतांत्रिक तरीकों का भी अपमान किया।अदालत मामले में 27 जुलाई को सुनवाई कर सकती है।

इमाम पर जामिया मिल्लिया इस्लामिया में 13 दिसंबर और इसके बाद अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में 16 जनवरी को भड़काऊ भाषण देने की जांच चल रही है, जहां उसने धमकी दी कि असम और शेष पूर्वोत्तर राज्यों को भारत से अलग कर दिया जाए।
पुलिस ने इससे पहले अदालत को बताया था कि 13 दिसंबर के उसके भाषण के बाद दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर आगजनी और हिंसा हुई और 16 जनवरी के उसके भाषण के बाद कई जगह प्रदर्शन शुरू हो गए।वर्तमान में वह गुवाहाटी जेल में बंद है और कोरोनावायरस से संक्रमित है।(भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

हनुमान चालीसा करने से खत्म होगा कोरोनावायरस, BJP सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की अजीबोगरीब अपील