Publish Date: Mon, 21 Oct 2019 (17:45 IST)
Updated Date: Mon, 21 Oct 2019 (17:49 IST)
नई दिल्ली। लद्दाख को केन्द्र शासित प्रदेश बनाने के बाद सरकार ने वहां पर्यटन बढ़ाने के उद्देश्य से बड़ा निर्णय लेते हुए दुनिया के सबसे ऊंचे रणक्षेत्र सियाचिन को पर्यटन के लिए खोल दिया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज पूर्वी लद्दाख में श्योक नदी पर बनाए गए कर्नल चेवांग रिनेचेन ब्रिज को राष्ट्र को समर्पित किए जाने के बाद यह घोषणा की।
यह पहला मौका है जब भारत और सियाचिन के बीच टकराव का केन्द्र रहे इस दुर्गम, बर्फ से ढंके रहने वाले और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र को पर्यटकों के लिए खोला गया है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज पूर्वी लद्दाख में श्योक नदी पर बनाए गए कर्नल चेवांग रिनेचेन ब्रिज को राष्ट्र को समर्पित किए जाने के बाद यह घोषणा की। सिंह ने ट्वीट किया, लद्दाख में पर्यटन की बहुत अधिक संभावना है। बेहतर संपर्क साधनों के बाद यहां पर्यटकों की संख्या निश्चित रूप से बढ़ेगी।
सियाचिन क्षेत्र अब पर्यटकों और पर्यटन के लिए खुला है। सियाचिन बेस से कुमार पोस्ट तक पूरे क्षेत्र को पर्यटन के लिए खोल दिया गया है। उल्लेखनीय है कि सरकार ने गत 5 अगस्त को जम्मू कश्मीर को लद्दाख और जम्मू कश्मीर 2 केन्द्र शासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया था।
सिंह ने कहा कि इस ब्रिज को रिकॉर्ड समय में तैयार किया गया है और इसके कारण क्षेत्र के लोग अब हर मौसम में क्षेत्र में आ-जा सकेंगे। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र में होने के कारण यह ब्रिज सामरिक रूप से भी महत्वपूर्ण है।