Publish Date: Tue, 10 Jan 2017 (14:00 IST)
Updated Date: Tue, 10 Jan 2017 (14:06 IST)
नई दिल्ली। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के चलते राजधानी दिल्ली एवं उत्तर भारत के अन्य राज्यों में पारा नीचे जाने से ठंड काफी बढ़ गई है।
दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। ठंडी हवाएं चलने से लोगों को जबरदस्त ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
खराब मौसम की वजह से रेल यातायात पर आज भी असर पड़ा। कोहरे की वजह से कम से कम सात ट्रेनों को रद्द करना पड़ा और नौ ट्रेनों की समय में भी बदलाव किया गया। इसी वजह से 21 ट्रेनें देर से चल रही हैं हालांकि कोहरे का विमान सेवाओं पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है।
मौसम विभाग ने बुधवार सुबह भी इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद जताई है, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। आज दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बर्फबारी का असर : मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के चलते उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत अन्य राज्यों में ठिठुरन बढ़ गई है। मध्यप्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में भी सुबह और रात में ठंड के साथ कोहरा व धुंध का असर बना रहेगा।
मप्र के तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ गई। मंगलवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 9.6 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 9 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सोमवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 25.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 21.7 और जबलपुर का अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा।