Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

नवजोत सिंह सिद्धू बने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष, 4 कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए गए

हमें फॉलो करें नवजोत सिंह सिद्धू बने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष, 4 कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए गए
, रविवार, 18 जुलाई 2021 (21:57 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को नवजोतसिंह सिद्धू को पार्टी की पंजाब इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। कई दिनों की अटकलों और मुख्यमंत्री के घोर विरोध के बावजूद सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री अमरिंदरसिंह की आपत्ति के बावजूद यह फैसला लिया।
 
गांधी ने अगले विधानसभा चुनाव में सिद्धू की सहायता के लिए 4 कार्यकारी अध्यक्षों की भी नियुक्ति की है। पंजाब इकाई के नए कार्यकारी अध्यक्ष हैं... संगतसिंह गिलजियां, सुखविंदरसिंह डैनी, पवन गोयल, कुलजीत सिंह नागरा।
 
पार्टी द्वारा जारी बयान के अनुसार, ‘कांग्रेस अध्यक्ष ने नवजोत सिंह सिद्धू को तत्काल प्रभाव से पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है।’
 
बयान में कहा गया है कि पार्टी प्रदेश कांग्रेस समिति के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ के योगदान की सराहना करती है। पार्टी के सिक्किम, नगालैंड और त्रिपुरा मामलों के प्रभारी नागरा को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है।

आलाकमान के फैसले को करें स्वीकार : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने रविवार को पंजाब के पार्टी नेताओं से नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस की पंजाब इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त करने के पार्टी आलाकमान के फैसले को स्वीकार करने का अनुरोध किया।
 
साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया। पंजाब से राज्यसभा सांसद रहे कुमार ने कहा कि पार्टी की एकता के हित में कांग्रेस नेतृत्व के निर्णय को सभी लोगों को स्वीकार करना चाहिए।
 
उन्होंने एक बयान में कहा कि यह एकजुट रहने का समय है। यहां कोई विजेता या हारने वाला नहीं है। सुलह आगे बढ़ने का रास्ता है। उम्मीद है कि सभी कांग्रेस जनविचारधारा की लड़ाई में अपनी भूमिका निभाएंगे। कांग्रेस की पंजाब इकाई में जारी कलह और पार्टी में बदलाव की घोषणा से पहले विभिन्न धड़ों में बैठकों का दौर जारी रहा, जिसके मद्देनजर कुमार का यह बयान सामने आया है।
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कल बुलाई अहम बैठक, कैप्टन खेमे ने किया विरोध