Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Monsoon Updates: दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तरी अरब सागर के अन्य हिस्सों में पहुंचा, उप्र में झुलसाने वाली गर्मी

हमें फॉलो करें Monsoon Updates: दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तरी अरब सागर के अन्य हिस्सों में पहुंचा, उप्र में झुलसाने वाली गर्मी
, शुक्रवार, 28 जून 2019 (23:17 IST)
पुणे। दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तरी सागर, गुजरात, मध्यप्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। ओडिशा, झारखंड, उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्से में दिन का तापमान सामान्य से अत्यधिक ऊपर दर्ज किया गया जबकि पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर में तापमान सामान्य से ऊपर रहा।
 
देश के मैदानी इलाके पूर्वी उत्तरप्रदेश के बांदा में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण-पश्चिम मानसून असम, मेघालय, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में सक्रिय रहा है जबकि तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और केरल में मानसून कमजोर रहा।
 
मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बिजली कड़कने के साथ बारिश होने के आसार हैं। पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, ओडिशा और झारखंड में अलग-अलग स्थानों पर भी बारिश होने का अनुमान है। कोंकण और गोवा में कहीं-कहीं तेज और कहीं-कहीं बहुत तेज बारिश हो सकती है।
 
मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा तथा मराठवाड़ा, तटीय कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाके, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज बारिश हो सकती है।
 
पूर्वी उत्तरप्रदेश के अलग-अलग स्थानों में गर्म हवा चलने के आसार हैं। पश्चिम-मध्य और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण और पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तर से हवा चल सकती है और समुद्र का रुख प्रतिकूल हो सकता है इसलिए मछुआरों को अगले 24 घंटों तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
 
पिछले 24 घंटों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाके, सिक्किम, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के अधिकतर हिस्सों में तथा नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, विदर्भ, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कई स्थानों पर बारिश हुई।
 
पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाके, झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ, मराठवाड़ा और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों तथा उत्तरप्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम राजस्थान, पूर्वी राजस्थान, तटीय आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, तमिलनाडु और केरल में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुई या फिर गरज के साथ छींटें पड़े। पंजाब और लक्षद्वीप में मौसम शुष्क रहा।
webdunia
गुजरात में भारी वर्षा का सिलसिला जारी : गांधीनगर से मिले समाचार के अनुसार गुजरात में मानसून के और आगे बढ़ने के साथ ही राज्यभर में भारी से अति भारी वर्षा का सिलसिला जारी है।
 
पिछले 24 घंटों में राज्य के कुल 33 में से 25 जिलों के 97 तालुका में वर्षा हुई है और इनमें से 21 में मध्य से अति भारी वर्षा हुई है। सबसे अधिक 172 मिमी भरुच जिले के अंकलेश्वर में दर्ज की गई है। शुक्रवार को भी शाम 6 बजे तक 70 से अधिक तालुका में वर्षा हुई थी जिसमें से सर्वाधिक 102 मिमी वडोदरा के करजन में हुई थी।
 
मौसम विभाग ने दक्षिण मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्र के ऊपर मौजूद एक चक्रवाती प्रणाली के कारण आने वाले 24 घंटे में भी वलसाड़, नवसारी, डांग, सूरत, आणंद, खेड़ा, छोटा उदयपुर, पंचमहाल, अहमदाबाद, गांधीनगर तथा केंद्र शासित प्रदेश दादरा नगर हवेली में भी भारी वर्षा के चेतावनी जारी की है। 25 जून को ही राज्य में पहुंचे मानसून ने अब और आगे बढ़कर राज्य का लगभग आधा हिस्सा आच्छादित कर लिया है।
 
इस बीच राज्य में शुक्रवार को कुल मौसमी औसत वर्षा के 10 प्रतिशत का आंकड़ा पूरा हो गया है। पिछले 24 घंटों में भरुच में 118 मिमी, सूरत के कामरेज में 110 मिमी, मांगरोल में 105 मिमी तथा पंचमहाल के जांबूघोडा में 101 मिमी वर्षा हुई है।
webdunia
उप्र में झुलसाने वाली गर्मी से लोग बेहाल : लखनऊ से मिले समाचार के अनुसार उत्तरप्रदेश में मानसून में सुस्ती के चलते झुलसाने वाली गर्मी से शुक्रवार को भी लोग बेहाल रहे।
 
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में बांदा में सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.02 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि झांसी में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 अधिक 41.06 डिग्री रहा जबकि वाराणसी (एपी) में सामान्य से 6 अधिक 42 डिग्री रहा। इलाहाबाद में अधिकतम तापमान 44.01 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री अधिक है। आगरा में सामान्य से 4 अधिक 42.05 जबकि अलीगढ़ में सामान्य से 6 अधिक 42.08 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
लखनऊ में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 अधिक 42 डिग्री और न्यूनतम सामान्य से 4 अधिक 30 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा कानपुर में सामान्य से 5 अधिक 41.08 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुजफ्फर नगर में सामान्य से 5 अधिक 39.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार रहा। लखनऊ में अधिकतम तापमान शनिवार को भी 42 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री के आसपास ही रहेगा।
 
मौसम विभाग के अनुसार केवल चुर्क में 15.02 मिमी बारिश होने की सूचना है। अगले 24 घंटे के दौरान राज्य में 1-2 स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही अधिकांश स्थानों पर गर्म हवा चलेगी। गौरतलब है कि 5 दिन पहले हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट से गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन फिर से गर्मी के कारण लोगों के अलावा वन्यजीव भी परेशान हैं। (वार्ता)


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर की समस्या के लिए पंडित नेहरू की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया