Publish Date: Thu, 22 Feb 2018 (14:32 IST)
Updated Date: Thu, 22 Feb 2018 (14:37 IST)
बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को घर में घुसकर मारने की धमकी देने वाले लालू के बड़े बेटे और बिहार के पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव अपने सरकारी आवास में भूत से परेशान हैं। ऐसा किसी तांत्रिक ने नहीं कहा है, बल्कि खुद तेज प्रताप का ही आरोप है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें परेशान करने के लिए उनके घर में भूत छोड़ दिया था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक तेज ने पिछले हफ्ते यह घर छोड़ दिया है। तेज प्रताप यादव का यह सरकारी बंगला पटना के देशरत्न मार्ग पर है।
बताया जाता है कि तेजप्रताप काफी अंधविश्वासी प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। कहा तो यह भी जाता है कि पिछले साल उन्होंने अपने बंगले पर 'दुश्मन मारण' नामक तांत्रिक प्रयोग भी किए थे। हालांकि इसके पीछे दूसरी कहानी भी है, जिसके मुताबिक राज्य सरकार ने तेजप्रताप समेत कांग्रेसी मंत्रियों (अब पूर्व) को भी बंगला खाली करने के लिए नोटिस जारी किए थे। इसी कड़ी में यादव ने दूसरा नोटिस मिलने के बाद बंगला खाली करने का निर्णय लिया था।