Publish Date: Wed, 28 May 2025 (23:53 IST)
Updated Date: Thu, 29 May 2025 (00:04 IST)
Delhi Weather Update News : राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने सामान्य रूप से बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने तथा 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज़ हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजस्थान के अधिकांश हिस्सों खासकर सीमावर्ती जिलों में एक बार फिर भीषण गर्मी का दौर जारी है। बुधवार को बीकानेर में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 1.8 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 1.1 डिग्री अधिक है। दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 70 प्रतिशत थी।
आईएमडी ने सामान्य रूप से बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने तथा 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज़ हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। बृहस्पतिवार को गरज के साथ छींटे पड़ने के साथ हवा की गति अस्थाई रूप से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि निवासियों को सतर्क रहना चाहिए और संभावित रूप से खराब मौसम के लिए तैयार रहना चाहिए। इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शहर की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई।
शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 151 था। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब, 301 से 400 को बहुत खराब और 401 से 500 को गंभीर माना जाता है।
राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में भीषण गर्मी : राजस्थान के अधिकांश हिस्सों खासकर सीमावर्ती जिलों में एक बार फिर भीषण गर्मी का दौर जारी है जहां बुधवार को बीकानेर में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में उमस भरी गर्मी का दौर जारी रहेगा।
इसके अनुसार बुधवार को बीकानेर में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री, फलोदी में 44.6 डिग्री, बाड़मेर में 44.4 डिग्री, जैसलमेर में 44.2 डिग्री, गंगानगर में 44.0 डिग्री, चूरू में 43.4 डिग्री व जोधपुर में 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में बुधवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 41.8 डिग्री व 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसके अनुसार उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में आगामी दो-तीन दिन गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। वहीं बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में बौछारें पड़ने, 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने तथा बारिश का दौर 29-30 मई को भी जारी रहने की संभावना है।
इसी तरह दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में अधिकतम तापमान आगामी 2-3 दिन में 45-46 डिग्री तथा शेष अधिकांश भागों में 42-44 डिग्री दर्ज होने की संभावना है। हवा में आर्द्रता की मात्रा अधिक होने के कारण उमसभरी गर्मी रहेगी। (इनपुट भाषा)
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें