Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Weather Update : तमिलनाडु में मूसलधार बारिश, पहाड़ों पर हिमपात, जानिए देश का ताजा मौसम

Advertiesment
हमें फॉलो करें Latest weather news
नई दिल्ली , सोमवार, 18 दिसंबर 2023 (08:50 IST)
Weather Update : दक्षिणी तमिलनाडु में चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से रविवार को भारी बारिश (rain) हुई, वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का सितम जारी है। जानिए जाने देश के मौसम का हाल- 
 
दक्षिणी तमिलनाडु में चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से रविवार को भारी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण कन्याकुमारी सहित विभिन्न जिलों के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। एक क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के बुलेटिन के मुताबिक रविवार को कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी और तेनकासी जिलों में भारी और कुछ इलाकों में मूसलधार बारिश हुई।
 
इसके अनुसार शनिवार से दक्षिणी तमिलनाडु के ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई जिसकी वजह से निचले इलाकों में घरों में पानी घुस गया। बारिश के कारण जैसे-जैसे जलाशय भर रहे हैं उनसे अधिशेष पानी छोड़ा जा रहा है। राज्य के दक्षिणी जिलों के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है जिसे देखते हुए अधिकारियों ने स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।
 
webdunia
हिमाचल में ठंड का प्रकोप : हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का प्रकोप रविवार को भी जारी रहा और पारे में मामूली गिरावट दर्ज की गई। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के आसपास रहा और कुछ स्थानों पर सामान्य से नीचे रहा।
 
जनजातीय लाहौल स्पीति जिले के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि जनजातीय किन्नौर जिले के काल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इसके बाद रिकोंग पिओ में तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे , नारकंडा में शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस कम और भुंतर में 0.8 डिग्री सेल्सियस रहा। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 21 दिसंबर तक राज्य में शुष्क मौसम रहने और 22 तथा 23 दिसंबर को मध्य स्तर की पहाड़ियों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और ऊंची पहाड़ियों पर बारिश या बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है।
 
कश्मीर में बर्फबारी : कश्मीर के ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में शनिवार को बर्फबारी, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर में ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में लगभग 6 इंच बर्फबारी हुई।
 
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) सहित पूरे उत्तर भारत का मौसम एक बार फिर से बदल गया है। पहाड़ों पर बारिश, बर्फबारी (snowfall) और नए पश्चिमी विक्षोभ का आगमन हो जाने से मौसम का मिजाज बदलता जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले 2-3 दिनों में उत्तर भारत के कई इलाकों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे चले जाने की आशंका है।
 
बारिश और बर्फबारी हुई : आईएमडी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति अभी जम्मू-कश्मीर से सटे उत्तर की ओर बनी बनी हुई है। यहां पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश और बर्फबारी भी हुई है। इसके कारण हरियाणा, राजस्थान, पंजाब एवं पश्चिमी यूपी के आसपास ठंड में तेजी से वृद्धि हो रही है। वहीं पूर्वांचल और बिहार के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान लगातार कम हो रहा है जबकि दक्षिण राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है।
 
आंध्रप्रदेश के दक्षिणी तट और उत्तर पंजाब में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई। गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश और बर्फबारी हुई। पंजाब में एक-दो स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाया रहा। पूर्वी उत्तरप्रदेश और बिहार में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज सोमवार को दक्षिणी तमिलनाडु, दक्षिणी केरल और लक्षद्वीप के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। शेष तमिलनाडु और तटीय कर्नाटक में हल्की-मध्यम बारिश होगी। आंध्रप्रदेश के दक्षिणी तट, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश संभव है। अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है और उसके बाद मौसम शुष्क हो जाएगा।
 
Edited by: Ravindra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को पाकिस्तान में जहर देने का दावा, अस्पताल में भर्ती