Publish Date: Mon, 02 Aug 2021 (17:04 IST)
Updated Date: Mon, 02 Aug 2021 (17:08 IST)
अगरतला, भाजपा कार्यकर्ताओं ने त्रिपुरा के अगरतला हवाई अड्डे से त्रिपुरेश्वरी मंदिर जाते समय तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के काफिले को कई बार रोकने का प्रयास किया।
पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सबसे पहले बनर्जी के काफिले को पश्चिम त्रिपुरा के चारीलाम में रोका गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता नारे लगाते हुए सड़क बंद करने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी पार्टी के झंडों के डंडों से कथित रूप से बनर्जी की कार पर वार किए, लेकिन वाहन को कोई नुकसान नहीं हुआ। बनर्जी ने घटना की वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया,
'त्रिपुरा में भाजपा के शासन में लोकतंत्र! राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिये बिप्लब देब को शाबाशी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह ने सिपाहीजाला जिले के कमला सागर में बनर्जी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके काफिले को रोकने का प्रयास किया। जब वह उदयपुर में त्रिपुरेश्वरी मंदिर पहुंचे, तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की और 'अभिषेक वापस जाओ' के नारे लगाए। इसके बाद वहां तनाव पैदा हो गया।
बाद में गोमती जिले के भाजपा अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय ने पार्टी समर्थकों से इलाके से चले जाने को कहा। इसके बाद बनर्जी ने मंदिर में पहुंचकर दर्शन किए।