Ahilya bai holkar jayanti

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

यमुनोत्री यात्रा: 10 हजार से ज्यादा तीर्थयात्री पहुंचे, जाम में फंसे लोग, हालात बिगड़े

Advertiesment
हमें फॉलो करें yamnotri

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, सोमवार, 13 मई 2024 (09:42 IST)
देहरादून। उत्तरकाशी के यमुनोत्री में हजारों की संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने से हालात बिगड़ गए और लंबे जाम की स्थिति बन गई है। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कहा जा रहा है कि करीब 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालु तीर्थयात्रा पर पहुंच गए हैं।
हालांकि यमुनोत्री के रास्ते में लगे भीषण जाम के कारण श्रद्धालुओं से अपनी यमुनोत्री यात्रा स्थगित करने की अपील करने वाली पुलिस ने रविवार शाम को यात्रा के दोबारा संचालन की सूचना दी। जबकि बारिश और खराब मौसम को देखते हुए केदारनाथ यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं से फिलहाल अनावश्यक सफर से बचने की अपील की गई है।

आप यात्रा दोबारा शुरू कर सकते हैं : उत्तराखंड पुलिस ने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर कहा कि यमुनोत्री यात्रा दोबारा सुचारू रूप से चल रही है। पुलिस ने कहा, 'आप यात्रा दोबारा शुरू कर सकते हैं।' पुलिस की ओर से जारी सूचना में यह भी बताया गया है कि यातायात के सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए यमुनोत्री मार्ग पर पालीगाड़ से जानकीचटटी के बीच संवेदनशील व संकरे स्थानों पर यातायात को 'गेट व वन वे सिस्टम' से चलाया जा रहा है।

श्रद्धालुओं को भेजना जोखिम भरा: उत्तरकाशी जिले में 10,804 फुट की उंचाई पर स्थित यमुनोत्री धाम की यात्रा अक्षय तृतीया पर शुक्रवार को ही शुरू हुई है और यमुनोत्री सहित सभी धामों में भगवान के दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। इससे पहले, पुलिस ने 'एक्स' पर कहा था कि आज श्री यमुनोत्री धाम पर क्षमता के अनुसार पर्याप्त श्रद्धालु यात्रा के लिए पहुंच चुके हैं। अब और अधिक श्रद्धालुओं को भेजना जोखिम भरा है। जो भी श्रद्धालु आज यमुनोत्री यात्रा पर आने जा रहे हैं, उनसे विनम्र अपील है कि आज यमुनोत्री जी की यात्रा स्थगित करें।

जाम में फंसे श्रद्धालु: दरअसल, चारों धामों की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यमुनोत्री के लिए अब तक देश-विदेश के 3.97 श्रद्धालु अपना आनलाइन पंजीकरण करवा चुके हैं। यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए 10,000 से अधिक तीर्थयात्री करीब 24 घंटे बड़कोट और जानकीचट्टी के बीच जाम में फंसे रहे।

उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी ने खुद मौके पर जाकर मोर्चा संभाला और किसी तरह से जाम को खुलवाया। पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि शनिवार को जो जाम की स्थिति बनी थी, पुलिस ने रात भर ड्यूटी कर उसे साफ कर दिया है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल यातायात सामान्य है। उन्होंने कहा था कि रविवार को 9,000 तीर्थ यात्री यमुनोत्री के आधार शिविर जानकीचट्टी पहुंच चुके हैं और अब यमुनोत्री धाम में रहने के लिए बिल्कुल जगह नहीं है। उधर, उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति बनी हुई है। गंगोत्री राजमार्ग पर सुक्की के पास सात मोड़ पर दोपहर बाद करीब ढाई किलोमीटर लंबा जाम लग गया जिसके कारण तीर्थयात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी

बाद में पुलिस ने गंगनानी और सोनगाड़ से गेट सिस्टम से वाहनों को निकालकर जाम खुलवाया। हालांकि, यहां राजमार्ग के संकरा होने के कारण जाम की स्थिति बनी हुई है। बारिश और खराब मौसम को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने तीर्थयात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरने की अपील की है। 
Edited By Navin Rangiyal

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

पूर्व वायु सेना प्रमुख की पत्नी का नाम वोटिंग लिस्ट से गायब, निराशा जताई