Publish Date: Mon, 24 Jul 2017 (09:04 IST)
Updated Date: Mon, 24 Jul 2017 (09:06 IST)
जाने माने अंतरिक्ष वैज्ञानिक एवं भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष उडुपी रामचंद्र राव का उम्र संबंधी बीमारियों के चलते सोमवार को यहां निधन हो गया। वह 85 वर्ष थे।
इसरो के जनसंपर्क निदेशक देवीप्रसाद कार्णिक ने कहा, ‘राव ने कल देर रात करीब तीन बजे अंतिम सांस ली।' इसरो के अधिकारियों ने बताया कि वह उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे और उन्होंने आज सुबह अपने आवास पर आखिरी सांस ली। राव के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है।'
कर्नाटक में उडुपी जिले के अडामारू क्षेत्र में जन्मे राव अभी तक इसरो के सभी अभियानों में किसी न किसी तरह शामिल थे। भारत में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के विकास और प्राकृतिक संसाधनों की रिमोट सेंसिंग एवं संचार में इसके वृहद उपयोग में उनके अतुल्य योगदान के लिए उन्हें पहचाना जाता है।
वह अहमदाबाद में भौतिकी अनुसंधान प्रयोगशाला की गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष और तिरुवनंतपुर में भारतीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलाधिपति पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। राव 1984-1994 तक इसरो के अध्यक्ष रहे। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Mon, 24 Jul 2017 (09:04 IST)
Updated Date: Mon, 24 Jul 2017 (09:06 IST)