Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

उत्तरप्रदेश के नगर निकाय चुनाव में भाजपा की आंधी

हमें फॉलो करें उत्तरप्रदेश के नगर निकाय चुनाव में भाजपा की आंधी
लखनऊ , शुक्रवार, 1 दिसंबर 2017 (22:11 IST)
लखनऊ। उत्तरप्रदेश के नगर निकाय चुनावों में भाजपा ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया और महापौर की 16 सीटों में से 14 परिणाम भाजपा के पक्ष में रहे जबकि अलीगढ़ और मेरठ सीटें बसपा के खाते में गई।
 
नगर निकाय चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अग्निपरीक्षा माने जा रहे थे और उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के लिए जमकर प्रचार भी किया। महापौर चुनाव में सपा और कांग्रेस का खाता नहीं खुल पाया। इसके अलावा नगर निगम पार्षदों के 1,300 पदों में से अब तक घोषित 1,285 परिणामों में भी भाजपा ने 590, सपा 197, बसपा 147 और कांग्रेस ने 109 सीटें जीतीं।
 
राजधानी लखनऊ में भाजपा की महापौर प्रत्याशी संयुक्ता भाटिया ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा की मीरा वर्धन को 1,31,356 मतों से पराजित किया। लखनऊ को पहली बार महिला महापौर मिली हैं।
 
अयोध्या-फैजाबाद नगर निगम महापौर पद पर भाजपा प्रत्याशी ऋषिकेश जायसवाल ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा की गुलशन बिंदु को 3,601 मतों से पराजित किया। वाराणसी नगर निगम महापौर पद पर भाजपा प्रत्याशी मृदुला ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की शालिनी को 78,843 मतों से पराजित किया।
 
सहारनपुर नगर निगम महापौर पद पर भाजपा प्रत्याशी संजीव वालिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बसपा के फजल उर्रहमान को 2,000 मतों से पराजित किया। मुरादाबाद नगर निगम महापौर पद पर भाजपा प्रत्याशी विनोद अग्रवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के मोहम्मद रिजवान कुरैशी को 21,635 मतों से पराजित किया।
 
अलीगढ़ नगर निगम महापौर पद पर बसपा प्रत्याशी मुहम्मद फुरकान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के राजीव कुमार को 10,11 मतों से पराजित किया। झांसी नगर निगम महापौर पद पर भाजपा प्रत्याशी रामतीर्थ सिंघल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बसपा के बृजेन्द्र कुमार व्यास को 16,373 मतों से पराजित किया।
 
फिरोजाबाद नगर निगम महापौर पद पर भाजपा प्रत्याशी नूतन राठौर ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी ऑल इण्डिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन की मसरूर फातिमा को 42,396 मतों से पराजित किया। नवगठित मथुरा नगर निगम महापौर पद पर भाजपा प्रत्याशी मुकेश ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के मोहन सिंह को 22,108 मतों से पराजित किया।
 
गोरखपुर नगर निगम महापौर पद पर भाजपा प्रत्याशी सीताराम जायसवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के राहुल को 75,972 मतों से पराजित किया। आगरा, इलाहाबाद, कानपुर नगर और गाजियाबाद की सीटें भी भाजपा के खाते में गई हैं।
 
आगरा में भाजपा के नवीन कुमार जैन ने बसपा प्रत्याशी दिगंबर सिंह को 74,322 मतों से हराया। इलाहाबाद में भाजपा की अभिलाषा गुप्ता ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के विनोद चंद्र दुबे को 63,384 मतों से परास्त किया।
 
कानपुर नगर में भाजपा की प्रमिला पाण्डेय ने अपपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की वंदना मिश्रा को 1,05,134 मतों से हराया जबकि गाजियाबाद में भाजपा की आशा शर्मा ने कांग्रेस की डोली शर्मा को 1,63,675 मतों से पराजित किया।
 
बरेली नगर निगम महापौर पद पर भाजपा प्रत्याशी उमेश गौतम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के इकबाल सिंह तोमर को 12,784 मतों से पराजित किया। मेरठ सीट पर बसपा की महापौर प्रत्याशी सुनीता वर्मा ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की कांता कर्दम को 29,582 मतों से हराया। बसपा ने मेरठ और अलीगढ़ सीटों पर जीत हासिल की। पिछले चुनावों में मेरठ और अलीगढ़ सीटें भाजपा ने जीती थीं।
 
वर्ष 2012 के नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने 12 में से 10 महापौर की सीटें जीती थीं। इस बार अयोध्या, फिरोजाबाद, मथुरा तथा सहारनपुर पहली बार नगर निगम के तौर पर चुनाव प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के नगर निकाय चुनाव में भाजपा को मिली जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रणनीति को देते हुए इसके लिए पार्टी के तमाम नेताओं और अपने मंत्रिमण्डलीय सहयोगियों को धन्यवाद दिया।
 
नगर निकाय चुनाव के विभिन्न पदों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित होने से खुश योगी ने यहां कहा कि प्रदेश नगर निकाय चुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास के विजन और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रणनीतिक कुशलता का परिणाम है।
 
उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों का परिणाम प्रधानमंत्री द्वारा भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए उठाए गए कदमों पर जनता की मुहर हैं। उन्होंने कहा कि मैं विश्वास व्यक्त करता हूं कि हम उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा शत प्रतिशत परिणाम पाने के लिए अग्रसर होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन चुनाव परिणामों से सरकार में जवाबदेही का बोध बढ़ेगा। ये परिणाम हम सबको अधिक जवाबदेह बनाने और नगर निकायों को सक्षम बनाने के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।
 
उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में जीत के लिए वह भाजपा के सभी पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी मंत्रिमण्डलीय सहयोगियों, नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हैं।
 
मुख्यमंत्री ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रदेश के चुनाव आयोग तथा उसके अधिकारियों को भी धन्यवाद दिया। उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि राज्य की जनता ने भाजपा और उसकी विचारधारा में पूरा विश्वास व्यक्त किया है। जनता ने सपा, बसपा और कांग्रेस को नकार दिया है।
 
सपा नेता विधान परिषद सदस्य राजपाल कश्यप ने कहा कि जिन जगहों पर ईवीएम का इस्तेमाल किया गया, भाजपा वहां जीती। सपा परिणामों का विश्लेषण कर रही है। प्रदेश के 16 नगर निगमों, 198 नगर पालिकाओं और 438 नगर पंचायतों के लिए 3 चरणों में गत 22, 26 और 29 नवंबर को कुल करीब 525 प्रतिशत मतदान हुआ था।
 
संपूर्ण 652 निकायों की गणना के लिए प्रदेश में 334 मतगणना स्थल स्थापित किए गए जिनमें कुल 11,200 टेबल मतगणना के लिए लगाई गई। मतगणना में कुल 56,000 कार्मिक नियुक्त किए गए। मतगणना की निगरानी के लिए मतगणना स्थल पर सीसीटीवी कैमरे तथा वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।
 
पहली बार नगर निकाय चुनाव में सभी पार्टियों ने अपने चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ा है। मतगणना के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समस्त जिलों में शुक्रवार को रात 12 बजे तक पूर्ण शराब बंदी रहेगी। मतगणना के दौरान तथा निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद किसी भी प्रकार के विजय जुलूस पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

'ट्रिपल तलाक' गैरकानूनी, पति को 3 साल की जेल का प्रावधान