Publish Date: Thu, 18 Jun 2020 (19:39 IST)
Updated Date: Thu, 18 Jun 2020 (19:48 IST)
नई दिल्ली। विश्व हिन्दू परिषद ने (VHP) गुरुवार को कहा कि चीन की रीढ़ की हड्डी तोड़ने के लिए वह घर-घर जाकर लोगों से चीनी सामान और मोबाइल फोन का बहिष्कार करने की अपील करेगी।
एक वक्तव्य में विहिप के महासचिव मिलिंद परांदे ने कहा कि हमारे सैनिकों पर चीन के घातक हमले से पूरा देश स्तब्ध है और अब पड़ोसी देश को सबक सिखाने का समय आ गया है।
परांदे ने कहा कि मैं भारत के लोगों से चीनी सामान और मोबाइल एप का संपूर्ण बहिष्कार करने की अपील करता हूं ताकि ड्रैगन की रीढ़ की हड्डी तोड़कर उसे रीढ़विहीन किया जा सके।
विहिप प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि संगठन बजरंग दल के साथ मिलकर चीनी सामान का बहिष्कार करने के लिए देश में घर-घर जाकर अभियान चलाएगा।
भाजपा नीत सरकार पर भरोसा जताते हुए विहिप नेताओं ने कहा कि केंद्र का नेतृत्व और देश के वीर सैनिक सीमा पर किसी भी स्थिति से निपटने में सक्षम हैं। (भाषा)