Publish Date: Fri, 12 Jul 2024 (11:40 IST)
Updated Date: Fri, 12 Jul 2024 (12:10 IST)
Weather update : उत्तर प्रदेश, बिहार समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश की वजह से हाहाकार मचा हुआ है। लगातार हो रही बारिश की वजह से नदियां उफान पर है। कई स्थानों पर सड़के तालाब बन गई। उत्तराखंड में भूस्खलन से बद्रीनाथ रूट बंद कर दिया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 12 जुलाई को उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, कर्नाटक, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में कई स्थानों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में भूस्खलन : उत्तराखंड में लगातार हो रही भूस्खलन की घटनाओं की वजह से बद्रीनाथ रूट पिछले 3 दिनों से बंद हैं। बद्रीनाथ यात्रा पर आए सैकड़ों श्रद्धालु रास्ते में फंसे हुए हैं। उन्हें सड़क पर रात बितानी पड़ रही है। NDRF, सेना, एनटीपीसी के कर्मचारी बंद सड़कों को खोलने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं।
ALSO READ: उत्तराखंड में कहीं पहाड़ दरके, कहीं चट्टानें गिरीं (देखें वीडियो)
यूपी में भारी बारिश का अलर्ट : मौसम विभाग ने लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। रामगंगा और कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से उत्तरप्रदेश के मुरादाबाद में बाढ़ जैसी स्थिति दिखाई दी। खेतों में पानी घुस गया। कुछ जगह सड़कों पर पानी आ गया। इस वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बिहार के इन 5 जिलों में रेड अलर्ट : मौसम विभाग ने बिहार के 5 जिलों (पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, किशनगंज, शिवहर) में भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, पूर्णिया जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
असम में बाढ़ से 14 लाख प्रभावित : असम में बाढ़ के कारण उत्पन्न स्थिति फिलहाल सुधरती नजर नहीं आ रही है। ब्रह्मपुत्र सहित कई प्रमुख नदियां राज्य के विभिन्न हिस्सों में खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राज्य के 26 जिलों के लगभग 14 लाख लोग प्रभावित हैं।
बाढ़ के कारण प्रभावित जिलों में कछार, बारपेटा, कामरूप, नगांव, धुबरी, विश्वनाथ, गोलाघाट, ग्वालपाडा, हैलाकांडी, शिवसागर, डिब्रूगढ़, मोरीगांव, तिनसुकिया, नलबाड़ी, धेमाजी, दक्षिण सलमारा, लखीमपुर, करीमगंज, चराईदेव, बोंगाईगांव, कोकराझार, दरांग, जोरहाट, कामरूप मेट्रोपॉलिटन, माजुली और चिरांग शामिल हैं।
क्या है मुंबई का हाल : मुंबई में कई स्थानों पर तेज बारिश हो रही है। रात भर हुई लगातार बारिश के कारण नवी मुंबई के कई इलाकों में पानी भर गया। मौसम विभाग ने सुबह 8 बजे अगले 3-4 घंटों के दौरान मुंबई के जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है।
मुनक नहर के बैराज की मरम्मत : दिल्ली में आज यानी 12 जुलाई को आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उत्तरी दिल्ली की मुनक नहर का बैराज टूटने से बवाना की जेजे कॉलोनी जलमग्न हो गई और पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया। राजधानी में मुनक नहर के बैराज का मरम्मत का काम जारी है।
Edited by : Nrapendra Gupta