Publish Date: Tue, 18 Mar 2025 (11:59 IST)
Updated Date: Tue, 18 Mar 2025 (12:02 IST)
Weather Update : देश में अब गर्मी का असर तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है। उत्तर भारत में दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। ओडिसा और आंध्रप्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है। पिछले 3 दिनों में ओडिशा के बौध और बरगढ़ देश में सबसे ज्यादा गर्म शहर रहे। आंध्र प्रदेश का कुरनूल तीसरा सबसे गर्म स्थान रहा।
ओडिशा का बौध शहर देश का सबसे गर्म स्थान : भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, ओडिशा का बौध शहर सोमवार को लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ओडिशा का बरगढ़ देश का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि आंध्र प्रदेश के कुरनूल में 41.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान दर्ज किया गया, जहां अंगुल में 40.7, टिटलागढ़ में 40.5 और मलकानगिरी में 40.2 तापमान रहा। राज्य के झारसुगुडा, बोलांगीर, संबलपुर, सोनपुर, तालचेर, भवानीपटना, हीराकुंड, सुंदरगढ़ और खुर्दा में अधिकतम तापमान 39 और 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने ओडिशा के छह जिलों के लिए मंगलवार को लू की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली में कैसा है मौसम : दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
आईएमडी ने आज दिन में तेज हवाएं चलने और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। 19 मार्च को दिल्ली का तापमान फिर से बढ़कर लगभग 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 20 मार्च को यह और बढ़कर 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच जा सकता है।
मार्च के अंतिम सप्ताह में दिल्ली का तापमान आमतौर पर तेजी से बढ़ता है। दिल्ली में 30 मार्च 2021 को तापमान 40.1 सेल्सियस तक पहुंचा था। 25 से 31 मार्च 2025 के बीच दिल्ली में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है।
19-20 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ सकती है। आने वाले 5-6 दिनों में तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
edited by : Nrapendra Gupta