Publish Date: Sun, 02 Feb 2025 (08:47 IST)
Updated Date: Sun, 02 Feb 2025 (08:53 IST)
Weather Update : पहाड़ी में बर्फबारी से देश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट है।
मौसम विभाग ने बताया कि 3 फरवरी से 5 फरवरी के बीच पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
कश्मीर में कैसा है मौसम : ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात और मैदानी इलाकों में बारिश से कश्मीर घाटी में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम का दौर खत्म हो गया। घाटी के बारामूला, बांदीपोरा, कुपवाड़ा और सोनमर्ग जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में और अधिक वर्षा होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
दिल्ली में बढ़ा तापमान : राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 3.9 डिग्री अधिक है। आईएमडी ने दिल्ली में रविवार को मध्यम से घना कोहरा छाए रहने तथा अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान 24 और 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।
राजस्थान में मौसम शुष्क : राजस्थान में आज को मौसम शुष्क रहेगा। 3-4 फरवरी को मौसम में बदलाव दिखाई दे सकता है। अगले 48 घंटों बाद राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके कारण प्रदेश के 6 संभागों के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
edited by : Nrapendra Gupta