Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Weather update : उत्तर भारत में हल्की बारिश से गर्मी से राहत, जानिए अन्य राज्यों में कैसा रहा मौसम का हाल

हमें फॉलो करें Weather update : उत्तर भारत में हल्की बारिश से गर्मी से राहत, जानिए अन्य राज्यों में कैसा रहा मौसम का हाल
, रविवार, 7 जून 2020 (23:05 IST)
नई दिल्ली। उत्तर भारत में कई स्थानों पर छिटपुट बारिश और गरज के साथ बौछारों के कारण रविवार को क्षेत्र में सामान्य से कम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी 4 से 5 दिनों में तापमान में खास बढ़ोतरी नहीं होने का अनुमान जताया है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून अनुकूल परिस्थितियों के साथ आगे बढ़ रहा है और इसके 11-12 जून तक पश्चिम बंगाल और ओडिशा में पहुंचने की उम्मीद है। उसने बताया कि देश में आगामी 5 दिन में लू चलने की संभावना नहीं है।
 
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह एक बार फिर बारिश की फुहारों से मौसम सुहावना हो गया और शहर में तेज एवं ठंडी हवाएं चलीं, जिसके बाद तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के नीचे लुढ़क गया।
 
शहर के लिए आधिकारिक आंकड़े उपलब्ध कराने वाली सफदरजंग वेधशाला ने शाम साढ़े पांच बजे तक 5.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की और अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे था। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में एक मिलीमीटर और लोधी रोड पर 4.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
 
मौसम विभाग ने कहा कि सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।
 
आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि क्षेत्र में 15 जून तक लू चलने की आशंका नहीं है। उन्होंने कहा कि अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है लेकिन यह 10 जून तक 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा।
 
श्रीवास्तव ने कहा कि इसके बाद, बंगाल की खाड़ी में संभवत: कम दबाव वाला क्षेत्र बनने के चलते नमीयुक्त पुरवाई हवा चलने से दिल्ली-एनसीआर में 12 और 13 जून को बारिश होगी। 13 जून को आंधी आने की भी संभावना है। राजस्थान के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश होने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
 
मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि रविवार सुबह साढे़ आठ बजे तक उदयपुर के कोटडा में 32 मिलीमीटर, अलवर के रामगढ़ में 31 मिलीमीटर, अलवर में 30 मिलीमीटर, चित्तौड़गढ़ के बेगूसर में 29 मिलीमीटर, बांसवाडा के जगपुरा में 28 मिलीमीटर, पाली में 22 मिलीमीटर, चित्तौड़गढ़ के भोपालसागर में 18 मिलीमीटर, अलवर के बहरोड में 14 मिलीमीटर, करौली में 14 मिलीमीटर, उदयपुर के सलूम्बर में 14 मिलीमीटर, बांसवाडा के दानपुर में 10 मिलीमीटर, प्रतापगढ के पीपलखूंट में 10 मिलीमीटर, सांचौर में 10 मिलीमीटर और उदयपुर के वल्लभपुर में 8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
 
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह से शाम तक कोटा में 15.4 मिलीमीटर और चूरू में 10.2 मिलीमीटर बारिश हुई और डबोक में बूंदाबांदी हुई।
 
उन्होंने बताया कि रविवार को बीकानेर में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 40.5 डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 39.6 डिगी सेल्सियस, बाडमेर में 39.5 डिग्री सेल्सियस, चुरू में 39.2 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर में 38.8 डिग्री सेल्सियस, जयपुर में 38 डिग्री सेल्सियस, अजमेर में 37.5 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 36.2 डिग्री सेल्सियस और डबोक में 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यनूतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस से लेकर 24.9 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। आगामी 24 घंटे के दौरान बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, अजमेर, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौडगढ़, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, सवाईमाधोपुर, दौसा, सिरौही, उदयपुर में कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
 
हरियाणा और पंजाब में शनिवार रात और रविवार सुबह कहीं-कहीं बारिश होने के बाद अधिकतम तापमान सामान्य से सात से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से सात डिग्री कम है।
 
हरियाणा के अम्बाला में 31.7 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 27.6 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 34.5 डिग्री और नारनौल में 36.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
 
पंजाब के अमृतसर में 33.2 डिग्री, लुधियाना में 33.6 डिग्री और पटियाला में 31.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
 
उत्तरप्रदेश के विभिन्न स्थानों में रविवार को कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई और गरज के साथ छींटें पड़ीं। मेरठ में 26.2 और झांसी में 1.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। लखनऊ में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
झांसी में राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। झांसी में 39.3, आगरा में 38.1, हरदोई में 37.5, इलाहाबाद एवं कानपुर में 37.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
 
पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर मंगलवार तक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के साथ पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम तथा पूर्वोत्तर के राज्यों के कुछ हिस्सों में मानसून 11-12 जून तक आगे बढ़ सकता है। यहां मौसम विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी।
 
मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय निदेशक जीके दास ने कहा कि कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ सकता है।
 
उन्होंने कहा कि कम दबाव का क्षेत्र बनने से उत्तर पूर्वी राज्यों के कुछ हिस्सों में, सिक्किम, ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल में 11-12 जून के दौरान दक्षिण पश्चिम मानसून के बढ़ने के लिहाज से परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं।
 
कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अनेक जिलों में रविवार दोपहर बाद मध्यम स्तर की बारिश हुई जिससे तेज गर्मी से राहत मिली। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस तक बना हुआ था। बारिश के कारण शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गयी।
 
मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि दक्षिण बंगाल के जिलों में कुछ स्थानों पर अगले तीन दिन गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं जिसके बाद राज्य के अनेक स्थानों पर बारिश की संभावना है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

83 दिन बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी, अब रोजाना होगा भावों में बदलाव