Publish Date: Sun, 09 Jun 2024 (14:43 IST)
Updated Date: Sun, 09 Jun 2024 (14:49 IST)
Monsoon in Mumbai : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में 30 मई को समय से पहले पहुंचने के बाद मुंबई में भी सामान्य से 2 दिन पहले रविवार को पहुंचा गया।
मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई, जिससे तापमान कम हुआ और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। भारी बारिश के कारण महाराष्ट्र के पड़ोसी पालघर जिले में सड़क का एक हिस्सा धंस गया जिससे रविवार सुबह मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर 4 घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि पाइपलाइन सहित मरम्मत कार्य जारी थे तभी भारी बारिश के कारण पालघर के मालजीपाड़ा इलाके में सड़क का एक हिस्सा धंस गया। इससे यातायात ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर आवाजाही बाधित हो गई।
ठाणे, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, अहमदनगर, सातारा और जलगांव सहित महाराष्ट्र के कई अन्य जिलों में भी पिछले एक दिन में अच्छी बारिश हुई। रविवार सुबह 8.30 बजे समाप्त 24 घंटे की अवधि में मुंबई में 60 मिमी से अधिक बारिश हुई।
सामान्यतः मानसून 1 जून तक केरल और 11 जून तक मुंबई तथा 27 जून तक राष्ट्रीय राजधानी पहुंच जाता है।
मौसम विभाग ने केरल में मानसून के 15 मई को 31 मई तक पहुंचने की संभावना जताई थी।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश से मई के अंत में गुजरे चक्रवात रेमल ने मानसून को बंगाल की खाड़ी की ओर खींच लिया जिसके परिणामस्वरूप पूर्वोत्तर में मानसून का आगमन समय से पहले हो गया है।
केरल में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि एक 1 तथा अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर और असम में 5 जून है।
पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से कम, उत्तर-पश्चिम में सामान्य और देश के मध्य और दक्षिण प्रायद्वीप क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।
Edited by : Nrapendra Gupta