Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

भारी बारिश से कई राज्यों में उफान पर नदियां, सड़कें बनीं तालाब, दिल्ली छठे दिन भी बेहाल

हमें फॉलो करें Heavy rain
, रविवार, 16 जुलाई 2023 (08:54 IST)
Weather Update : देशभर में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश की वजह से कई स्थानों पर नदियां उफान पर है और सड़कों पर पानी भरा हुआ है। निचले स्थानों पर रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वर्षा जन्य हादसों में कई लोगों की मौत हो गई।
 
दिल्ली का हाल बेहाल : जलस्तर में कमी के बाद भी दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। आज 7 बजे सुबह दिल्ली में यमुना का जलस्तर 206.08 मीटर था। ITO, मयुर विहार, अक्षरधाम समेत दिल्ली के कई इलाकों में अभी भी पानी भरा हुआ है। शनिवार को भारी बारिश से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। मौसम विभाग ने आज भी राजधानी में भारी बारिश की चेतावनी दी। द्वारका इलाके में एक दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए शनिवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना से बात की।
पंजाब, हरियाणा में बारिश का कहर : पंजाब और हरियाणा में इस सप्ताह भारी बारिश के कारण आई बाढ़ का पानी कई इलाकों में कम होना शुरू हो गया है और दोनों राज्यों के प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी है। पंजाब के 14 और हरियाणा के 13 जिले बारिश से प्रभावित हुए हैं और दोनों राज्यों में वर्षा जनित हादसों में कम से कम 55 लोगों की मौत हो गई। बाढ़ प्रभावित इलाकों में चिकित्सा शिविर स्थापित किए गए हैं और लोगों को दवाएं वितरित की जा रही हैं।
webdunia
 
उत्तराखंड में रेड अलर्ट : राज्य में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह भूस्खलन से मार्ग बंद होने, नदियों के उफान पर होने के कारण पुल के बहने और बाढ़ के कारण आपदा के हालात उत्पन्न हो गए हैं। मौसम विभाग में देहरादून सहित सात जिलों में 16 और 17 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए जिलाधिकारियों को सावधानी बरतने के आदेश दिए गए हैं।
 
यूपी में उफान पर गंगा-यमुना : उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटे में बारिश से संबंधित घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पिछले 24 घंटे में रामपुर में दो लोगों की डूबने से मौत हो गई जबकि बलिया, महोबा और ललितपुर जिलों में बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। सुल्तानपुर में सांप के काटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
 
बदायूं में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बुलंदशहर और फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान के करीब बह रही है जबकि प्रयागराज में यमुना खतरे के निशान तक पहुंच गई है। मथुरा जिले में यमुना नदी का जलस्तर शनिवार को खतरे के निशान को पार कर गया और नदी के जलस्तर में वृद्धि जारी रही।
 
webdunia
अगले 24 घंटों में कैसा रहेगा मौसम : मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, दक्षिण-पूर्व राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, दक्षिण गुजरात, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, छत्तीसगढ़, ओडिशा और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ भारी बारिश संभव है।
 
पूर्वोत्तर भारत, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंतरिक महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश संभव है।
Edited by : Nrapendra Gupta 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

बाढ़ के कहर से बचने का उपाय क्या है