Publish Date: Sun, 19 Sep 2021 (07:34 IST)
Updated Date: Sun, 19 Sep 2021 (07:39 IST)
चंडीगढ़। कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद शनिवार को कांग्रेस पंजाब के नए मुख्यमंत्री का फैसला नहीं कर सकी। आज फिर होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में सुनील जाखड़, नवजोत सिंह सिद्धू, सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रतापसिंह बाजवा के नाम सबसे आगे हैं। बहरहाल यह तय है कि अगला मुख्यमंत्री सोनिया गांधी की पसंद का ही होगा।
पूर्व लोकसभा अध्यक्ष बलराम जाखड़ का नाम मुख्यमंत्री पद की दौड़ से सबसे आगे चल रहा है कि लेकिन वे एक जाट नेता है। 1966 में पंजाब में पुर्नगठन के बाद अब तक कोई जाट नेता मुख्यमंत्री नहीं बना है। बताया जा रहा है कि सिद्धू समेत कई नेताओं ने उनके नाम का विरोध किया है।
वहीं कैप्टन अमरिंदर सिद्धू के नाम पर किसी भी कीमत पर राजी नहीं होंगे। अमरिंदर सिंह ने कहा कि वे पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष को राज्य का मुख्यमंत्री बनाने के किसी भी कदम का पुरजोर विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का समर्थन करने का कोई प्रश्न नहीं उठता। उन्होंने आरोप लगाया कि वह (सिद्धू) साफतौर पर पाकिस्तान के साथ मिले हैं और पंजाब तथा देश के लिए खतरा और विपदा हैं।
बहरहाल यह तय है कि नए मुख्यमंत्री का कार्यकाल ज्यादा लंबा नहीं होगा। उसे जल्द ही विधानसभा चुनावों का भी सामना करना है।