क्या केजरीवाल के बाद गिरफ्तार होंगी ममता बनर्जी?
भाजपा नेता का दावा, बंगाल में भी दिखेगा दिल्ली जैसा दृश्य
Publish Date: Fri, 22 Mar 2024 (13:15 IST)
Updated Date: Fri, 22 Mar 2024 (13:22 IST)
arvind kejriwal arrested : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर दिल्ली में मचे सियासी बवाल के बीच भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने दावा किया पश्चिम बंगाल में भी राष्ट्रीय राजधानी जैसा दृश्य दिखाई दे सकता है।
उल्लेखनीय है कि आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को ईडी ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गुरुवार रात गिरफ्तार किया।
भाजपा नेता मजूमदार ने कहा कि पिछले महीने, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया। अब, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया। यह केवल दिखाता है कि यदि आप भ्रष्टाचार में लिप्त हैं तो मुख्यमंत्री होने से आपको किसी तरह की छूट नहीं मिल जाती। पश्चिम बंगाल में भी पिछले कुछ सालों में भ्रष्टाचार के इस तरह के आरोप सामने आए हैं।
तृणमूल कांग्रेस ने मजूमदार के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि इस तरह का बयान लोकसभा चुनाव में भाजपा के हारने के डर को दर्शाता है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष को आतंकित करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि हार के डर से भाजपा अब किसी भी हथकंडे का इस्तेमाल कर सत्ता में बने रहने के लिए हताश है। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी इस ओर इशारा करती है। बंगाल में भी भाजपा राजनीतिक प्रतिशोध के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों के बावजूद पश्चिम बंगाल में कभी ऐसा देखने को नहीं मिलेगा क्योंकि भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच गुप्त समझौता है।
Edited by : Nrapendra Gupta