Publish Date: Thu, 05 Oct 2017 (22:08 IST)
Updated Date: Thu, 05 Oct 2017 (22:10 IST)
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बगावती तेवर और तीखे करते हुए गुरुवार को कहा कि पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई करती है तो वह उनके लिए बहुत 'अच्छा दिन' होगा।
सिन्हा ने कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी की पुस्तक 'टाइडिंग्स ऑफ ट्राब्ल्ड टाइम्स' का विमोचन करते हुए कहा कि वर्तमान हालात पर वह जो कुछ बोल रहे हैं, वही सचाई है। वह सच बोलने से डरते नहीं हैं क्योंकि डर और लोकतंत्र एक साथ नहीं चल सकता है।
यह पूछने पर कि सच बोलने के कारण भाजपा उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है, उन्होंने कहा कि वह सच बोलने से डरने वाले नहीं हैं और इसके लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है और उन्हें पार्टी से निकाल दिया जाता है तो उनके लिए यह सबसे अच्छा दिन होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में जो बात वह कह रहे हैं पार्टी के असंख्य नेता वही महसूस करते हैं, लेकिन डर के कारण कोई बोलता नहीं है। (वार्ता)